विज्ञापन

खाटूश्याम के दर्शन, जयपुर में खाना फिर हो गई अनहोनी... कोटा हादसे में बचे लोगों ने सुनाई दर्द भरी दास्तान

कोटा में खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार का व्हीकल खड़े ट्रक से टकरा गया. हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है और 7 घायल हुए हैं. परिवार ओंकारेश्वर, उज्जैन, पुष्कर, सालासर बालाजी के दर्शन कर लौट रहा था.

खाटूश्याम के दर्शन, जयपुर में खाना फिर हो गई अनहोनी... कोटा हादसे में बचे लोगों ने सुनाई दर्द भरी दास्तान
राजस्थान के कोटा में भीषण सड़क हादसे में कई मौतें.
Photo: NDTV
  • कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे परिवार की क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई.
  • इस हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए.
  • जांच अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि क्रूजर में ड्राइवर समेत 16 लोग सवार थे.
कोटा:

दर्शन पूरे हो गए थे, मन में बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद था और घर लौटने की खुशी थी. किसी ने सोचा भी नहीं था कि खुशियों भरा यह सुहाना सफर मातम में तब्दील हो जाएगा. शनिवार रात कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास अंधेरे ने एक परिवार की हंसी छीन ली. ढाबे पर साथ खाना खाया, साथ हंसे, फिर तीन गाड़ियां आगे-पीछे चलीं. एक गाड़ी थोड़ी आगे निकली और फिर उसकी खबर मिली. खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर में एक ही परिवार के 9 लोग दुनिया से विदा हो गए. हादसे का शिकार हुए एक बच्चे को होश आया तो उसने कांपते हाथों फोन करके पीछे वाली गाड़ी सवार लोगों को बताया कि हादसा हो गया है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, राजस्थान के कोटा जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. शनिवार देर रात खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की क्रूजर गाड़ी शंभूपुरा गांव के पास कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए.
जांच अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया, "यह हादसा हाईवे पर हुआ है, वे एक क्रूजर में सफर कर रहे थे. एक ही परिवार के ड्राइवर समेत 16 लोग थे. आगे सड़क किनारे कोई ट्रक या गाड़ी खड़ी थी. अंधेरे में वह दिखाई नहीं दी और गाड़ी जाकर उससे टकरा गई. इनमें से 9 लोगों की जान चली गई है और सात लोग घायल हैं. सभी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं."

साथियों ने सुनाई दर्द भरी दास्तान...

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए एक यात्री ने बताया, "हम खाटू श्याम गए थे और जयपुर के रास्ते लौट रहे थे. हमारे पास तीन गाड़ियां थीं और हम जयपुर से आगे खाना खाने के लिए रुके. खाने के बाद, एक्सीडेंट वाली गाड़ी पहले निकल गई, जबकि हम बाद में निकले. रास्ते में हमें एक कॉल आया कि एक्सीडेंट हुआ है और हमें जल्दी आने के लिए कहा गया. जब तक हम वहां पहुंचे, सभी मरीजों को हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया था. अभी पांच या छह लोग घायल हैं और बाकी की मौत हो गई है."

कई जगहों से दर्शन करके लौट रहे थे लोग...

एक महिला यात्री ने बताया, "वे लोग हमारी गाड़ी से करीब 50-60 किलोमीटर दूर थे. हम सब एक ही परिवार से हैं. हम खाटू श्याम से आ रहे थे. हादसे की जानकारी बच्चे ने फोन करके दी. उसे होश आया तो उसने हम लोगों को कॉल किया. हादसे से पहले हम लोग खाना खाने के लिए ढाबे पर रुके थे."

'जिसकी गलती हो सजा मिले...'

पीड़ित लोगों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले लोगों में से एक शख्स ने NDTV के साथ बातचीत में बताया कि परिवार के 35 लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे. हादसे का शिकार हुई गाड़ी सबसे आगे थी. हम पीछे-पीछे चल रहे थे. अभी कुछ पता नहीं है कि ड्राइवर को झपकी आई या किस वजह से हादसा हुआ. जिन लोगों की मौत हुई है, वे एक ही परिवार के लोग हैं. 

एक अन्य शख्स ने बताया कि इतनी दूर कोई परिजन नहीं आ सकता है. हमको ही लेकर जाना पड़ेगा. हादसे में छोट-छोटे बच्चों की भी मौत हुई है, उनको भी न्या मिलना चाहिए और जिनकी गलती है, उन्हें सजा मिलनी चाहिए.

मृतकों के एक रिश्तेदार ने बेहद इमोशनल होकर बताया, "हम ओंकारेश्वर, उज्जैन, पुष्कर, सांवरिया सेठ, सालासर बालाजी और खाटू श्याम गए थे. खाटू श्याम से रात में निकले थे. शाम को करीब 4:00 या 4:30 बजे निकले थे. जयपुर के पास हम नाश्ता करने के लिए रुके. उनके पहले जाने के बाद, हमें एक कॉल आया कि एक एक्सीडेंट हो गया है. मेरी भांजी ने कॉल करके हादसे की जानकारी दी. हम लोग मौके पर पहुंचे तो वहां तीन मृतकों के शव थे, बाकी लोगों को अस्पताल ले जाया गया था."

यह भी पढ़ें | कोटा में खाटूश्यामजी से लौट रहे श्रद्धालु सड़क दुर्घटना का शिकार, 9 की मौत; जोधपुर हादसे में भी 3 की मौत

यह भी पढ़ें | छठ के बाद मुंबई लौटने वालों के लिए रेलवे चलाएगा छपरा-बांद्रा-छपरा स्पेशल ट्रेन; देखें पूरा टाइम-टेबल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Kota, Kota Road Accident News, Khatu Shyam, Deaths
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com