- रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना से मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल नेटवर्क में मजबूती आएगी.
- परियोजना के पूरा होने पर भोपाल से कोटा जाने वाले यात्रियों को 42 किलोमीटर छोटा मार्ग छोटा होगा.
- पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल में 111 किलोमीटर में से 89 किलोमीटर ट्रैक का काम पूरा कर लिया है.
Ramganjmandi-Bhopal Rail Line: भोपाल से कोटा तक अब सीधी रेल कनेक्टिविटी होने वाली है. भारतीय रेलवे की रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल नेटवर्क को और मजबूत करने वाली है. इस परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है, जिसके पूरा होते ही मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर, राजगढ़ की राजस्थान के झालावाड़, कोटा तक कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी. पिछले करीब 25 साल से इंतजार कर रहे लाखों लोगों के लिए यह परियोजना अब अपने आखिरी चरण में पहुंच गई है. इसका सबसे ज्यादा फायदा भोपाल से कोटा जाने वाले रूट पर होगा, जिसमें यात्रियों का सफर आसान होगा. भारतीय रेलवे इस परियोजना पर तेजी से काम कर रहा है, जिसका काम आखिरी चरण में चल रहा है.
भोपाल-कोटा का सफर होगा आसान
रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना से भोपाल और कोटा तक जाने का रास्ता आसान होगा. क्योंकि अभी भोपाल से कोटा जाने के लिए यात्रियों को नागदा-उज्जैन या बीना होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, नई लाइन शुरू होने के बाद भोपाल, सीहोर और राजगढ़ के लोगों को राजस्थान से सीधा रेल संपर्क मिलेगा. इससे ब्यावरा-झालावाड़ होकर जाने वाले रेल मार्ग की तुलना में नया मार्ग करीब 42 किलोमीटर छोटा होगा. रेलवे के मुताबिक इससे यात्रियों को सफर में लगभग 3 घंटे तक की बचत होगी. अगर पूरे भोपाल-कोटा रूट को पुराने नागदा-उज्जैन मार्ग से तुलना करें तो दूरी में करीब 100 किलोमीटर तक की कमी का भी अनुमान लगाया गया है.
दिसंबर 2026 का टारगेट
भारतीय रेलवे की इस परियोजना पर पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल के हिस्से में 111 किलोमीटर में से 89 किलोमीटर ट्रैक का काम पूरा कर लिया है, बचा हुआ 22 किलोमीटर का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस परियोजना के पूरा होने से भोपाल से कोटा और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचना न सिर्फ आसान होगा, बल्कि सफर भी काफी छोटा हो जाएगा. इस हिस्से में अभी पुल निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज, ट्रैक लिंकिंग, विद्युतीकरण और सिग्नलिंग का काम तेजी से चल रहा है. पूरी परियोजना को अप्रैल 2027 तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार इसके बाद भोपाल और कोटा मंडल के बीच सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी शुरू हो जाएगी.

एमपी-राजस्थान के इन शहरों को फायदा
- भोपाल
- सीहोर
- राजगढ़
- नरसिंहगढ़
- ब्यावरा
- श्यामपुर
- झालावाड़
- कोटा
रेलवे के मुताबिक साल 2026 इस परियोजना के लिए सबसे अहम रहा है. क्योंकि इस साल भोपाल मंडल में कुल 52.50 किलोमीटर नई रेल लाइन को कमीशन किया गया है. इसके अलावा निशातपुरा डी-कैबिन से कुरावर तक का हिस्सा भी पहले ही पूरा हो चुका है. इस तरह भोपाल मंडल में अब तक कुल 89 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो गया है. सोनकच्छ से नरसिंहगढ़ तक नई रेल लाइन पर सीआरएस स्पेशल ट्रेन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ चुकी है.

इन तीन सेक्शन पर हुआ काम
- श्यामपुर-कुरावर: 15 किलोमीटर
- ब्यावरा-सोनकच्छ: 24.50 किलोमीटर
- सोनकच्छ-नरसिंहगढ़: 13 किलोमीटर
रेलवे 2027 में कर सकता है शुरुआत
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम मध्य रेलवे इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम कर रहा है. अगर दिसंबर का टारगेट पूरा होता है तो 2027 की शुरुआत में मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच सफर का एक नया अध्याय शुरू हो जाएगा. 2027 में इस ट्रैक पर ट्रेनों का दौड़ना शुरू हो जाएगा. जिससे मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच नई रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी. इस परियोजना के शुरू होने से राजस्थान और मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की रेलवे से कनेक्टिविटी हो जाएगी. राजगढ़, झालावाड़, कोटा जैसे जिलों के ज्यादातर ग्रामीण इलाके रेलवे से कनेक्ट हो जाएंगे. इसलिए यह परियोजना अहम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का विरार-JNPT सेक्शन पूरा, 92 KM के हिस्से में बन रही 8-लेन ट्विन टनल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं