राजस्थान के झुंझुनूं जिले में घरेलू विवाद के बाद 66 साल के एक पूर्व सैनिक की उसके दामाद और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी जिले के रुद्रौल गांव निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है.
बेटी से मिलने आए थे सुरेश
पुलिस के मुताबिक सुरेश कुमार रविवार को अपनी बेटी मोनू से मिलने आए थे. मोनू की शादी 2012 में मनोहरपुरा के होशियार सिंह से हुई थी.
पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मोनू को दहेज और घरेलू विवादों को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. विवाद सुलझाने के लिए कई बार प्रयास भी किए गए थे.
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम सुरेश कुमार विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने के इरादे से सूरजगढ़ तिराहे के पास अपने दामाद के परिजनों से मिलने पहुंचे थे. आरोप है कि वहां पहुंचते ही होशियार सिंह, उसके पिता और भाई जसवीर ने उन पर हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें | पिता ने छोड़ा साथ, शादी में परिवार बनकर पहुंची 16 जाट रेजिमेंट, 1.61 लाख की मदद, जवानों ने निभाया फर्ज
अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नहीं बची जान
पुलिस के अनुसार घायल सुरेश कुमार को पहले चिड़ावा के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया. उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे चिड़ावा बाइपास के पास पारिवारिक विवाद की सूचना मिली थी. पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो सुरेश के सिर पर पांच से छह चोटें थीं.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दामाद के साथ विवाद के दौरान कुमार के साथ मारपीट की गई थी.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं