विज्ञापन

'पापा मैं जा रही हूं...' दिल्ली में ससुरालवालों से दुखी 24 साल की टीना ने वीडियो बनाकर लगाई फांसी

पुलिस संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वीडियो और परिवार के बयानों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि किन परिस्थितियों में उसने जान दी.

'पापा मैं जा रही हूं...' दिल्ली में ससुरालवालों से दुखी 24 साल की टीना ने वीडियो बनाकर लगाई फांसी
वीडियो रिकॉर्ड कर महिला ने की सुसाइड.
  • दिल्ली के नांगलोई में 24 साल की महिला ने ससुरालवालों से तंग आकर आत्महत्या कर ली
  • जान देने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से एक भावुक कर देने वाला वीडियो रिकॉर्ड किया
  • उसने अपने मम्मी, पापा से कहा कि अब वो कभी उनको परेशान नहीं करेगी, बस उसकी बेटी का ख्याल रखना

दिल्ली के नांगलोई में 24 साल की टीना ने ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली. जान देने से पहले उसने अपने मोबाइल फोन से एक भावुक कर देने वाला वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी आपबीती बताई. उसने अपने मम्मी, पापा से कहा कि अब वो कभी उनको परेशान नहीं करेगी. अपने छोटे भाई, बहनों का नाम लेकर वह और ज्यादा भावुक हो उठी. उसने अपनी छोटी बहन से उसकी बेटी का हमेशा ख्याल रखने की बात कही.

 रोती-बिलखती टीना ने वीडियो में कहा, 'पापा मैं जा रही हूं. मेरी बेटी मोना अब आपकी जिम्मेदारी है, उसे किसी को मत देना. उसे आप ही रखना. जैसे आपने मुझे रखा वैसे ही मेरी बेटी मोना को भी रखना. पापा मैंने आपको बहुत परेशान किया लेकिन अब नहीं करूंगी. अब मैं जा रही हूं, ठीक है. मम्मी अब मेरे लिए किसी से मत लड़ना. गलती मेरी थी, शादी मैंने की थी. इनके परिवार वाले बिल्कुल भी अच्छे नहीं हैं. जो अपने बेटे के नहीं हुए वे मेरे और मेरे बच्ची के क्या होंगे. मम्मी मैंने अपनी सास और देवर, किसी को नहीं मारा. ये मुझ पर झूठा इल्जाम लगा रहे हैं. मैंने किसी पर कोई जादू-टोना नहीं किया. मैं तो बस अपनी छोटी से फैमली बनाना चाहती थी. अब मैं नहीं बना पाऊंगी, मेरी किस्मत ही खराब है. मम्मी मुझे याद मत करना. मैं कभी आपको परेशान नहीं करूंगी. मैं आपकी अच्छी वाली बेटी हूं. मैंने कभी आपका बुरा नहीं चाहा. पापा से कभी लड़ाई मत करना. गुनगुन, मोना को तू संभालेगी. उसकी दूसरी मां तू है. मेरी बच्ची को तू संभालकर रखेगी."

'मेरी बच्ची को मेरे पति को भी नहीं देना'

अपने छोटे भाई बहनों, परी और आरुष को याद कर उसने कहा कि तुम्हारी बड़ी बहन के पास ज्यादा जिंदगी नहीं है. मम्मी, मेरी बच्ची को मेरे पति को भी नहीं देना. मैं इस पागल आदमी के साथ नहीं रह सकती. पुलिस के मुताबिक, महिला का शव मंगलवार दोपहर उसके ससुराल के घर में पंखे से लटका हुआ मिला. घटना दिल्ली के बाहरी इलाके नांगलोई की है. मृतका की पहचान टीना के रूप में हुई है. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से करीब तीन मिनट से ज्यादा का एक वीडियो मिला है. इस वीडियो में वह अपने माता-पिता को अपनी परेशानी बता रही है. 

ढाई साल पहले हुई थी टीना की शादी

वीडियो में टीना अपने पिता से कहती सुनाई दे रही है कि वह अब जा रही है. उसकी डेढ़ साल की बेटी का ख्याल रखें.  वह नहीं चाहती कि उसकी बच्ची किसी और को न दी जाए, यहां तक कि उसके पति को भी नहीं. पुलिस के मुताबिक, टीना की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी. वह अपने पति के साथ नांगलोई में रहती थी. दोनों की एक डेढ़ साल की बेटी है. उसने अपने पति के परिवार पर उसके साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया. 

 ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.  क्योंकि महिला की मौत शादी के सात साल के अंदर हुई है, इसलिए मामले की सूचना एसडीएम और तहसीलदार को दी गई और नियमानुसार जांच शुरू की गई. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तहसीलदार ने मृतका की मां के बयान दर्ज किए हैं. मृतका की मां ने यह आरोप नहीं लगाया है कि बेटी की मौत दहेज की मांग से जुड़ी हुई है. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि टीना का पति रोहित शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था.

टीना के पति की हालत भी खराब

पुलिस के मुताबिक, रोहित खुद भी कुछ महीने पहले हुए एक हादसे में सिर पर लगी गंभीर चोट का इलाज करा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद गंभीर है और उसके ज्यादा समय तक जीवित रहने की संभावना नहीं बताई गई है. फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो, परिवार के बयानों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली परिस्थितियां क्या थीं.

ये भी पढ़ें-केतन अग्रवाल की हत्या वाले दिन भी मिले थे सिया और चेतन, कैफे में बैठकर हुई क्या प्लानिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Suicide, Nangloi, Women Suicide, Delhi Police, Harrasment Claim
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com