विज्ञापन

विमेंस एशिया कप: पाकिस्तान को रौंदने उतरेंगी भारतीय शेरनियां, हरमन, मंधाना, शेफाली का कैसा है पड़ोसी के खिलाफ रिकॉर्ड

भारतीय महिला टीम आज शाम में पाकिस्तान का सामना करेगी. टीम इंडिया पहले ही विमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है.

विमेंस एशिया कप: पाकिस्तान को रौंदने उतरेंगी भारतीय शेरनियां, हरमन, मंधाना, शेफाली का कैसा है पड़ोसी के खिलाफ रिकॉर्ड
विमेंस एशिया कप: हरमन, मंधाना, शेफाली का कैसा है पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड

महिला एशिया कप 2026 में शनिवार का दिन क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है. दुबई इंटरनेशनल में भारतीय महिला टीम और पाकिस्तान टीम के बीच एक जोरदार मुकाबला होने वाला है. भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. पाकिस्तान पर जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप में शीर्ष पर रहने के इरादे से उतरेगी. भारतीय टीम ने थाइलैंड और हांगकांग के खिलाफ पिछले 2 मैचों में दमदार बल्लेबाजी की और बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. थाइलैंड के खिलाफ भारत ने 94 रन से जीत दर्ज की, जबकि हांगकांग के खिलाफ 137 रन के बड़े अंतर से मैच जीता है. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय बल्लेबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है.

हरमन, मंधाना, शेफाली का पाक के खिलाफ रिकॉर्ड

भारत के लिए चिंताजनक स्थिति यह है कि टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाजों का प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा के अनुरुप पाकिस्तान के खिलाफ नहीं रहा है. सलामी बल्लेबाज और टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 2014 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में 2 अर्धशतक लगाते हुए 307 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर 68 रन है. 

टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2009 से 2026 के बीच 16 मैचों की 13 पारियों में 230 रन बनाए हैं. हरमन के नाम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में एक भी अर्धशतक नहीं है. विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा भी 2022 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की 5 पारियों में 127 रन बना सकी हैं.

हालांकि, मंधाना एशिया कप में अच्छी फॉर्म में दिखी हैं. हांगकांग के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने तूफानी शतक लगाया था. इसलिए मंधाना ने पाकिस्तान के खिलाफ टीम को मजबूत शुरुआत की उम्मीद रहेगी. इसके अलावा, कप्तान हरमन और शेफाली वर्मा से भी प्रभावी पारियों की जरुरत होगी.

पाकिस्तान की बात करें तो टीम ने अपना पिछला मुकाबला थाइलैंड के खिलाफ जीता था. पाकिस्तान ने अभी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं किया है. टीम को अभी 2 मैच खेलने हैं, लेकिन भारत के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर टीम अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहेगी. भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक 17 मैच हुए हैं. टीम इंडिया ने 14, जबकि पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं.

यह भी पढ़ें: 'शमी भाई अब ऑलराउंडर हैं', फिर खुद ही हंस पड़े ईशान, किशन ने खोले टीम के कई अंदरूनी राज

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई टीम पर भड़के श्रीकांत, बोले- 'सेलेक्टर्स ने बड़ी गलती कर दी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Pakistan Women, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com