Gold Silver Rates on MCX Friday Evening: सोने-चांदी की कीमतों में आज 25 सितंबर को तेजी देखने को मिली है. IBJA यानी इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी के मुताबिक, 24 कैरेट सोने (Gold) का भाव 1,328 रुपये बढ़कर 1.52 लाख रुपये/10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं, एक किलो चांदी (Silver) की कीमत 4,102 रुपये बढ़कर 2.32 लाख रुपये हो गई है. शुक्रवार शाम के सत्र में MCX पर भी सोने-चांदी में तेजी देखी गई.
वहीं दूसरी ओर घरेलू कमोडिटी मार्केट MCX पर सोना 0.19 फीसदी या करीब 300 रुपये चढ़कर 1.51 लाख रुपये के पार चला गया, जबकि चांदी 1,070 रुपये से ज्यादा चढ़कर 2.34 लाख रुपये के पार पहुंच गया.
MCX पर दूसरे यानी शाम के सत्र में 5 अक्टूबर 2026 की डिलीवरी वाला गोल्ड 355 रुपये की बढ़त के साथ 1,51,065 रुपये/किलो के भाव पर कारोबार करता दिखा. वहीं दूसरी ओर 4 दिसंबर 2026 की डिलीवरी वाली चांदी 1,200 रुपये चढ़कर 2,34,680 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करती दिखी. ये कीमतें शुक्रवार रात 8:19 बजे तक की हैं.
इस साल गोल्ड-सिल्वर कितना हुआ महंगा?
सोने-चांदी की कीमतों में इस साल लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. 2026 में अब तक सोने की कीमत 19 हजार रुपये बढ़ चुकी है.
31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1.33 लाख रुपये थी. अब ये बढ़कर 1.52 लाख रुपये पर पहुंच गई है.
वहीं, चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी. अब ये 2.32 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है.
जनवरी में बना था ऑलटाइम हाई
इस साल सोने और चांदी ने जनवरी में अपना अब तक का ऊंचा स्तर भी देखा था. 29 जनवरी को सोने की कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी. इसके बाद दोनों की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा है. अब एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है.
क्या है एक्सपर्ट की राय?
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, दुनियाभर के कई देशों के केंद्रीय बैंक लगातार सोने की खरीदारी कर रहे हैं. चीन और भारत भी इसमें शामिल हैं. इसके अलावा फेस्टिवल सीजन शुरू होने से घरेलू बाजार में भी सोने की डिमांड बढ़ने की उम्मीद है.
अजय केडिया के मुताबिक, इन वजहों से दीवाली तक (Diwali Gold Silver Targets) या साल के आखिर तक सोने की कीमत 1.80 लाख रुपये और चांदी की कीमत 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है.
ये भी पढ़ें: SBI ने ATM से पैसे निकालना फ्री कर दिया, जानिए 28 से 30 सितंबर तक किन बैंकों के ग्राहकों को नहीं लगेगा चार्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं