विज्ञापन

विराट ने धोनी से झटका ताज, IPL में सबसे अधिक मैच खेलने वाले क्रिकेटर बने- कोहली का महारिकॉर्ड कौन तोड़ेगा?

वो रिकॉर्ड जिस पर नजर नहीं गई. पर बीती रात विराट ने धोनी को पीछे छोड़ते हुए इस महा-रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया और अगले रिकॉर्ड 300 मैच के क्लब की ओर बढ़ गए. क्या और भी कोई क्रिकेटर है जो इस महा-रिकॉर्ड के आस-पास भटक रहा है?

विराट  ने धोनी से झटका ताज, IPL में सबसे अधिक मैच खेलने वाले क्रिकेटर बने- कोहली का महारिकॉर्ड कौन तोड़ेगा?
विराट कोहली सबसे अधिक 279 IPL मैच खेलने वाले क्रिकेटर बने
BCCI
  • पिछले मैच में ही धोनी के 278 मैचों के आंकड़े तक विराट और रोहित दोनों पहुंचे थे, पर अब किंग कोहली आगे निकल गए.
  • IPL में विराट ने 144 मैचों में कप्तानी भी की है. आरेंज कैप भी झटके और सबसे ज्यादा 9145 रन और 9 शतक जमाए हैं.
  • विराट, धोनी के बाद सबसे अधिक मैच खेलने के IPL रिकॉर्ड तक अगले 15-20 साल में शायद ही कोई क्रिकेटर पहुंच सके.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

आईपीएल में रिकॉर्ड बनते और टूटते रहे हैं पर इनमें से कुछ केवल आंकड़े नहीं होते बल्कि एक लंबे दौर की पूरी कहानी होती है. ऐसा ही एक ऐतिहासिक पल बीती रात केकेआर के खिलाफ आरसीबी के लिए मैदान पर उतरते ही विराट कोहली के लिए आया. विराट ने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. एक समय था जब ये लगता था कि धोनी का रिकॉर्ड टूटने में शायद वर्षों लगे लेकिन विराट अब उस शिखर पर पहुंच चुके हैं जो न केवल उनके लंबे आईपीएल करियर बल्कि सुपर फिटनेस, फॉर्म या लय में बने रहने और फ्रेंचाइजी के उन पर अटूट भरोसे से संभव हुआ है.

दिलचस्प बात यह है कि पिछले मैच तक धोनी के 278 मैचों के आंकड़े तक विराट और रोहित शर्मा दोनों पहुंचे थे, लेकिन अब विराट सबसे आगे निकल चुके हैं. 2008 में एक युवा खिलाड़ी के रूप में शुरुआत से आरसीबी के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज और चेज मास्टर के रूप में विराट इन वर्षों में आईपीएल में आरसीबी के लिए ही खेलते रहे हैं. आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में जहां खिलाड़ी लगातार टीम बदलते रहते हैं, वहां 19 सीजन तक एक ही फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ टिके रहना अपने आप में ऐतिहासिक है.

विराट न केवल सबसे अधिक 279 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं, बल्कि इन 19 सालों में विराट ने 144 मैचों में कप्तानी भी की, आरेंज कैप भी झटके और सबसे ज्यादा 9145 रन और सबसे अधिक 9 शतक जमाने वाले बल्लेबाज भी वो ही हैं. विराट की फिटनेस को देखते हुए यह अनुमान लगाना कठिन नहीं है कि वो आने वाले सीजन में भी दिखेंगे. लिहाजा उनसे आईपीएल में 300 मैच खेलने वाला पहला क्रिकेटर बनने की उम्मीद भी की जा रही है. हालांकि यह आसान नहीं है क्योंकि इसके लिए विराट को कम से कम दो सीजन और खेलने पर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 Playoff Scenario: CSK, PBKS, RR और KKR किसकी कितनी उम्मीदें बाकी- समझें प्लेऑफ का गणित

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: ANI

धोनी अब भी सबसे बड़े आइकन

रिकॉर्ड बेशक विराट के नाम चला गया, लेकिन धोनी का कद आज भी कम नहीं हुआ. इस सीजन में अब तक एक भी मैच न खेलने वाले एमएसडी आईपीएल के सबसे बड़े कप्तान, फिनिशर और सबसे ज्यादा सम्मान पाने वाले खिलाड़ी माने जाते हैं. 278 मैच खेलने वाले धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाया. उन्होंने इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक 235 मैचों में कप्तानी की, विकेटकीपिंग में दबदबा कायम किया और दबाव में शांत रहते हुए कैप्टन कूल का तमगा लिए मैच फिनिशर की भूमिका में आईपीएल को कई यादगार पल दिए.

दिलचस्प बात यह है कि हर सीजन के साथ यह सवाल उठता है कि क्या यह उनका आखिरी आईपीएल होगा. लेकिन फिर धोनी अगले साल लौट आते हैं. हालांकि इस साल अब तक एक भी मैच नहीं खेल सके माही का यह आखिरी आईपीएल माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: IPL 2026: पीली जर्सी का बदलता रंग- धोनी से CSK का ट्रांजिशन और पुरानी पहचान की तलाश

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: BCCI

हिटमैन अभी रेस में कायम

रोहित शर्मा भी 278 मैचों के आंकड़े तक पहुंच चुके हैं और विराट-धोनी के ठीक पीछे खड़े हैं. रोहित का आईपीएल करियर भी बेहद शानदार रहा है. मुंबई इंडियंस को पांच बार चैंपियन बनाने वाले रोहित ने बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों में अपना दबदबा बनाया. हालांकि अब वो कप्तान नहीं हैं पर बल्लेबाज के तौर पर उनसे मैच की शुरुआत विस्फोटक देने की महत्वकांक्षा अब भी बरकरार है. हालांकि इस सीजन में रोहित फिटनेस नहीं होने की वजह से कई मैचों में नहीं खेल सके हैं, पर अगर वो अगले दो-तीन सीजन खेल सकें तो विराट के साथ-साथ 300 मैचों के क्लब में शामिल होने वाले क्रिकेटर बन सकते हैं.

300 क्लब के अकेले दावेदार

आईपीएल में विराट, रोहित और धोनी के बाद सबसे अधिक मैच खेलने के रिकॉर्ड के करीब रवींद्र जडेजा 265 मैचों के साथ तेजी से ऊपर बढ़ रहे हैं. विराट की तरह जडेजा भी फिलहाल फिट हैं और उम्र में उनसे एक महीने छोटे ही हैं. ऐसे में अगर फिटनेस साथ देती रही तो जडेजा आसानी से 300 मैचों का आंकड़ा छू सकते हैं.

ये भी पढ़ें: IPL का 19 साल पहले हुआ था आगाज और लाया गया था आइकन प्लेयर्स का कॉन्सेप्ट, पर क्या रही इसकी कहानी

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: BCCI

कौन तोड़ सकता है विराट का यह महा-रिकॉर्ड

दिनेश कार्तिक 257, शिखर धवन 222, रविचंद्रन अश्विन 221 IPL मैच खेल चुके हैं, पर ये तीनों इस फॉर्मेट से बाहर भी हो चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि विराट कोहली के बाद कौन इस रिकॉर्ड तक पहुंच सकता है. तो इसके कुछ दावेदार तो हैं पर फिलहाल नहीं लगता कि अगले कई सालों तक विराट के इस रिकॉर्ड के आस पास कोई भी क्रिकेटर भटकेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: AFP

एक्टिव क्रिकेटर में युजवेंद्र चहल 185 आईपीएल मैच खेल चुके हैं. भले ही वो जल्द ही 36 साल के हो जाएंगे पर स्पिनरों का करियर लंबा चलता है. ऐसे में अगर अगले पांच-छह साल खेलते हैं तो वह बड़ी छलांग लगा सकते हैं.

सूर्यकुमार यादव भी 177 मैच खेल चुके हैं लेकिन अगले कुछ महीनों में ही 36 साल के हो जाएंगे. क्या वो इस रिकॉर्ड को तोड़ेंगे, यह इसी पर निर्भर करेगा कि सूर्या कब तक आईपीएल में चमकेंगे?

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: BCCI

हार्दिक पंड्या भी 160 आईपीएल मैच खेल चुके हैं. वो 32 साल के भी हैं. ऐसे में अगर हार्दिक चोटों से दूर रहे तो वह लंबी रेस के खिलाड़ी हैं.

वहीं केएल राहुल 157 आईपीएल मैच खेल चुके हैं पर उनकी उम्र 34 साल हो चुकी है. वर्तमान फॉर्मेट के मुताबिक एक आईपीएल में कोई भी खिलाड़ी अधिकतम 17 मैच खेल सकता है. ऐसे में केएल राहुल को इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए कम-से-कम 7-8 आईपीएल तो खेलने ही होंगे, जो पूरी तरह उनकी फिटनेस और फॉर्म पर निर्भर करेगा.

156 मैच खेल चुके जसप्रीत बुमराह 32 साल के हैं पर तेज गेंदबाजों के लिए लंबा करियर आसान नहीं होता, ऐसे में उनके लिए इस रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं होगा.

कुल मिलाकर, जडेजा सबसे मजबूत दावेदार माने जा सकते हैं क्योंकि वह फिटनेस, ऑलराउंड क्षमता और टीम में अहमियत तीनों मामलों में आगे हैं. लेकिन अगर जडेजा ने इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ा तो अगले 15-20 साल विराट का यह रिकॉर्ड शायद ही टूटे.

ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com