विज्ञापन

'उसने साथियों को बेच दिया...', उस्मान ख्वाजा पर भड़के डिविलियर्स, गद्दार तक कह डाला

उस्मान ख्वाजा की किताब 'सब्र' में सैंडपेपरगेट मामले पर किए गए दावों के बाद विवाद गहरा गया है. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ख्वाजा को खेल का 'सबसे बड़ा गद्दार' बताया, जबकि डेविड वॉर्नर और पैट कमिंस के बयान भी चर्चा में हैं.

'उसने साथियों को बेच दिया...', उस्मान ख्वाजा पर भड़के डिविलियर्स, गद्दार तक कह डाला
उस्मान ख्वाजा
Getty Images

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा को खेल का 'सबसे बड़ा गद्दार' कहा है. फैनी का यह बयान उस्मान ख्वाजा की नई किताब 'सब्र' में 2018 के बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल के ज़िक्र और उसे लेकर हो रहे विवाद के बाद आया है. ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में दावा किया है कि 2018 में केपटाउन में हुए सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. फैनी डिविलियर्स ने इस मामले के सामने आने के बाद उस्मान ख्वाजा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'सबसे बड़ा गद्दार' कहा है.

पर्थ स्थित एक एफएम चैनल से बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, 'मैं ऑन रिकॉर्ड कहना चाहता हूं कि ख्वाजा शायद सबसे बड़ा गद्दार है, जिसे मैंने पिछले 40-50 वर्षों में खेल खेलते हुए देखा है. उसने हर एक कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ा है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है. उसने अपने साथी खिलाड़ियों को बेच दिया है. यह सही या गलत के बारे में नहीं है. गलत को पहले ही हैंडल किया जा चुका है. यह पहले से ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का हिस्सा रहा है. दुख की बात है कि ऐसा हुआ. इस आदमी ने सब कुछ फिर से सामने ला दिया है.'

डिविलियर्स ने कहा, 'ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को एक बार फिर बदनाम किया है. उसने दोस्ती तोड़ी है और टीम के अंदर जो कोड ऑफ कंडक्ट होता है, उसे भी तोड़ा है. उसने वह सब कुछ गलत किया है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है.'

ख्वाजा की किताब प्रकाशित होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के अलग-अलग बयानों ने विवाद को और गहरा कर दिया है. पूर्व सलामी बल्लेबाज और उस टेस्ट का हिस्सा रहे डेविड वॉर्नर ने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने एक लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ख्वाजा के दावों को बकवास करार दिया था. मिचेल स्टार्क ने भी इस मामले पर अपने पुराने बयान को ही दोहराया है, जिसमें ख्वाजा के दावों से सहमति नहीं जताई गई है.

इन सबके बीच उस विवाद का सबसे बड़ा चेहरा रहे कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में छपे 4,497 शब्दों के एक लेख में कहा है कि यह झूठ है कि कमिंस और टीम को सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी नहीं थी. बैनक्रॉफ्ट का बयान आने के बाद कमिंस की मुश्किल बढ़ गई है. उन पर कप्तानी छोड़ने का दबाव बढ़ गया है.

2018 में हुई इस घटना में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को आरोपी मानकर सजा दी गई थी. स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर 9 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था.

यह भी पढ़ें- पति ने जड़ा शतक, पत्नी ने लूट ली सारी महफिल, कौन हैं हेनरी निकोल्स की वाइफ लूसी ओ'सुलिवन, लव स्टोरी मजेदार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Australia, Usman Tariq Khawaja, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com