विज्ञापन

दलीप ट्रॉफी में तिलक वर्मा का जलवा, फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 भारतीय, ये खिलाड़ी नंबर 1

दलीप ट्रॉफी 2026 में तिलक वर्मा का बल्ला लगातार रन उगल रहा है. सेमीफाइनल में शतक और अर्धशतक लगाने के बाद उन्होंने फाइनल की पहली पारी में भी अर्धशतक जड़ दिया है.

दलीप ट्रॉफी में तिलक वर्मा का जलवा, फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 भारतीय, ये खिलाड़ी नंबर 1
दलीप ट्रॉफी 2026 में तिलक वर्मा का बल्ला मचा रहा हल्ला

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भले ही ईस्ट जोन ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली हो, लेकिन साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने एक बार फिर बल्ले से अपनी छाप छोड़ी है. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में तिलक तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 56 रन बनाकर नाबाद हैं. खास बात यह है कि इस टूर्नामेंट में उनका शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. उन्होंने सेमीफाइनल की पहली पारी में शतक जड़ा था, दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया और अब फाइनल की पहली पारी में भी पचास रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं.

हालांकि मैच में ईस्ट जोन फिलहाल मजबूत स्थिति में है. टीम ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान ईशान किशन ने 270 रन की यादगार पारी खेली. जवाब में साउथ जोन ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 6 विकेट पर 242 रन बनाए हैं और वह अभी भी पहली पारी के आधार पर 466 रन पीछे है.

तिलक की यह निरंतरता इसलिए भी खास है क्योंकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बड़े बल्लेबाजों की पहचान लंबी और लगातार सफल पारियों से ही होती है. भारतीय क्रिकेट में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के नाम है. उन्होंने 348 मैचों में 25,834 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 81 शतक निकले और उनका बल्लेबाजी औसत 51.46 का रहा. 340 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है. गावस्कर के बाद सचिन तेंदुलकर (25,396), राहुल द्रविड़ (23,794), चेतेश्वर पुजारा (21,301) और वीवीएस लक्ष्मण (19,730) का नाम इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल है.

रैंकखिलाड़ीरनमैचऔसत
1सुनील गावस्कर25,83434851.46
2सचिन तेंदुलकर25,39631057.84
3राहुल द्रविड़23,79429855.33
4चेतेश्वर पुजारा21,30127851.80
5वीवीएस लक्ष्मण19,73026751.60

साउथ जोन को शुरुआती झटकों के बाद देवदत्त पडिक्कल ने संभालने की कोशिश की. उन्होंने 62 रन बनाए, जबकि नारायण जगदीशन ने 32 और शेख रशीद ने 27 रन का योगदान दिया. इसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और पहले स्मरण रविचंद्रन तथा फिर श्रेयस गोपाल के साथ अहम साझेदारियां करते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचाया. दिन का खेल खत्म होने तक वह 133 गेंदों में 56 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे.

तिलक अभी अपने करियर के शुरुआती पड़ाव पर हैं, लेकिन दलीप ट्रॉफी जैसे बड़े मंच पर जिस तरह से वह लगातार रन बना रहे हैं, उसने यह जरूर दिखाया है कि लंबी फॉर्मेट के क्रिकेट में उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आता है.

(IANS इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Namboori Thakur Tilak Varma, Sunil Gavaskar, Duleep Trophy, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com