- गुरुग्राम के एक क्रिकेट स्टेडियम में खेल-खेल में बच्चे की मौत हो गई.
- स्टेडियम में खड़ा रोलर अचानक बच्चों से चल गया और एक बच्चा उसके नीचे आ गया.
- पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हरियाणा के गुरुग्राम के ककरोला गांव स्थित श्री श्याम क्रिकेट एकेडमी में शुक्रवार दोपहर पिच रोलर के नीचे आने से 8 साल मासूम की मौत हो गई. बच्चे एकेडमी में ग्रिल फांदकर खेलने पहुंचे थे. खेलते वक्त एक बच्चे ने गलती से रोलर स्टार्ट कर दिया. इसके बाद, हादसा हुआ और बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है. उसका परिवार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है. घटना की जानकारी मिलने के बाद, पुलिस ने मामले की जांच आकस्मिक हादसे के रूप में शुरू की है. पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, काकरौला गांव में चार एकड़ में क्रिकेट एकेडमी संचालित हो रही है. एकेडमी के अंदर शुक्रवार को स्क्रैप व्यापारी रतन का बड़ा बेटा नील, छोटा बेटा आकाश सहित चार बच्चे खेल रहे थे. इस दौरान अभ्यास करने वाले क्रिकेट पिच और जमीन को समतल करने वाला मिनी पिच रोलर एकेडमी के अंदर बिना किसी के निगरानी के खड़ा था.
घटना की जानकारी परिवार को करीब एक घंटे बाद मिली. आकाश के भाई नील ने घर पहुंचकर बताया कि उसका भाई घायल हो गया है. इसके बाद परिजन अकादमी में उसकी तलाश करने पहुंचे. इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ खिलाड़ियों ने आकाश को जमीन पर पड़ा देखा. परिजनों ने तुरंत एक वाहन की व्यवस्था की और बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में कोल्ड कॉफी में बर्फ की जगह प्लास्टिक! ऑनलाइन ऑर्डर ने उड़ाए होश, वीडियो वायरल
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त रोलर के आसपास निगरानी के लिए कोई जिम्मेदार शख्स मौजूद नहीं था. यह मशीन क्रिकेट पिच और मैदान को समतल करने के काम आती है. जांच अधिकारी के मुताबिक, बच्चे के परिवार ने किसी तरह की साजिश या लापरवाही का आरोप नहीं लगाया है. परिजनों की ओर से खेड़की दौला थाने में लिखित बयान दिया गया है.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम के जलभराव पर CM सैनी बोले- सिर्फ यहां नहीं, नेपाल से चंडीगढ़ तक बारिश ने मचाई तबाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं