- ग्वालियर की क्रिकेटर अनुष्का को ऑस्ट्रेलिया A के भारत दौरे के लिए इंडिया A महिला टीम की टी20 कप्तानी मिली.
- अनुष्का टी20 में कप्तान और वनडे व मल्टी-डे मुकाबलों में उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी.
- उन्होंने WPL में गुजरात जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर 45 लाख रुपये की कीमत पर टीम में स्थान पाया.
ग्वालियर की युवा क्रिकेटर अनुष्का शर्मा ने एक बार फिर शहर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया A के भारत दौरे के लिए इंडिया A महिला टीम की घोषणा की है, जिसमें अनुष्का शर्मा को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी है. घरेलू क्रिकेट, वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम अब उन्हें नेतृत्व की बड़ी जिम्मेदारी के रूप में मिला है. ग्वालियर की यह खिलाड़ी न सिर्फ टी20 टीम की कप्तान होंगी, बल्कि दौरे के सभी प्रारूपों में टीम के नेतृत्व समूह का हिस्सा भी रहेंगी.
BCCI ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की महिला चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया A के भारत दौरे के लिए इंडिया A टीम का ऐलान किया है. इस दौरे के लिए अनुष्का शर्मा को टी20 टीम का कप्तान बनाया है. वहीं सयाली सतघरे को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है. इंग्लैंड दौरे के बाद यह दूसरा मौका है जब अनुष्का को इंडिया A टीम की अगुवाई का अवसर मिला है.
तीनों फॉर्मेट में निभाएंगी नेतृत्व की भूमिका
बीसीसीआई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अनुष्का इस पूरे दौरे में महत्वपूर्ण नेतृत्व भूमिका में रहेंगी. टी20 सीरीज में वह कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि वनडे और मल्टी-डे मुकाबलों में उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी. ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ इस दौरे में तीन टी20, तीन वनडे और एक चार दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा.
WPL में किया था शानदार प्रदर्शन
अनुष्का शर्मा के लिए साल 2026 अब तक बेहद यादगार रहा है. घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में गुजरात जायंट्स ने उन्हें 45 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था. वह उस सीजन की सबसे महंगी अनकैप्ड खिलाड़ियों में शामिल रहीं. WPL में अपने प्रदर्शन से उन्होंने क्रिकेट विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया.

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बनाई पहचान
फरवरी में अनुष्का को इमर्जिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया था. वहां भी उनके प्रदर्शन की सराहना हुई. इसके बाद मार्च में उन्हें टीम इंडिया का हिस्सा बनने का मौका मिला. लगातार अच्छे खेल के दम पर उन्होंने खुद को भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल कर लिया है.
दक्षिण अफ्रीका सीरीज से किया अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
अनुष्का ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चयन के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा. इसके बाद बीसीसीआई का उन पर भरोसा लगातार बढ़ता गया. इंग्लैंड A के खिलाफ इंडिया A टीम की कप्तानी मिलना और अब ऑस्ट्रेलिया A सीरीज में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना इसी भरोसे का परिणाम माना जा रहा है.
घरेलू क्रिकेट में भी रही शानदार उपलब्धियां
मध्य प्रदेश की सीनियर महिला टीम की उपकप्तान के रूप में अनुष्का ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया. उनके ऑलराउंड खेल की बदौलत सेंट्रल जोन टीम में चयन हुआ, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. ऑल इंडिया सीनियर टी20 टूर्नामेंट में भी उन्होंने मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की टीम को राष्ट्रीय उपविजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई.
अंडर-19 स्तर पर भी दिखाया नेतृत्व
अनुष्का पहले इंडिया-B की अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी विजेता टीम की कप्तान रह चुकी हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय उपविजेता बनी मध्य प्रदेश अंडर-19 गर्ल्स टीम की भी कप्तानी कर चुकी हैं. कम उम्र से ही नेतृत्व क्षमता और निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है.
कई पुरस्कारों से हो चुकी हैं सम्मानित
क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनुष्का को प्रतिष्ठित चंद्रा नायडू अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है. सीनियर्स वनडे ट्रॉफी 2024-25 में उनकी यादगार पारी के दम पर मध्य प्रदेश चैंपियन बना था. वहीं 2025 के पहले MPL टूर्नामेंट में उन्होंने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, प्लेयर ऑफ द मैच, डॉमिनेटर प्लेयर, बेस्ट फील्डर और सर्वाधिक चौकों सहित कई पुरस्कार अपने नाम किए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं