- टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए नई जर्सी भारत-दक्षिण अफ्रीका के दूसरे वनडे के दौरान अनावरण की गई
- टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा
- टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मैच से होगी, और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा
Team India Jersey Launched for T20 World Cup 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया की जर्सी लांच कर दी गई है. भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान पहली पारी ख़त्म होने के साथ ही जर्सी का अनावरण किया गया और फैंस ने इसकी पहली झलक देखी. आपको बता दें की भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में अगले साल होने वाला आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का भी ऐलान हो चुका है. 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जबकि 8 मार्च को फाइनल होना है. इस बार पिछली संस्करण की ही तरह 20 टीमों ने क्वालीफाई किया है. सभी क्वालीफाई करने वाली 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है.

🚨 TEAM INDIA JERSEY FOR 2026 T20 WORLD CUP. 🚨 pic.twitter.com/Av5uYkr4xZ
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) December 3, 2025
ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहने वाली दो टीमें सुपर-8 में जगह बनाएंगी, जहां उन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा. सुपर-8 में टॉप पर रहने वाली दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगीं. 07 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत होनी है. जबकि लीग स्टेज का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच होगा. यह मैच 20 फरवरी को होगा. लीग स्टेज में हर दिन तीन मैच होंगे, आखिरी दिन को छोड़कर. लीग स्टेज का पहला मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा, जबकि दूसरा दोपहर 3 बजे और दिन का आखिरी मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा.
21 फरवरी से 01 मार्च तक फिर सुपर-8 के मैच होंगे. सुपर-8 में तीन दिन डबल हेडर होंगे. 22 फरवरी को, 26 फरवरी और 1 मार्च को डबल हेडर हैं. पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को होगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल 05 मार्च को. जबकि 8 मार्च को फाइनल होगा.
किस वेन्यू पर होंगे मुकाबले
वर्ल्ड कप के मुकाबले 8 वेन्यू पर खेले जाएंगे, जिसमें भारत के 5 और श्रीलंका के तीन है. भारत में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, कोलकाता के ईडन गार्डन, मुंबई के वानखेड़े, दिल्ली के अरुण जेटली, और चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा. इसके अलावा श्रीलंका के कैंडी में पल्लेकेले, कोलंबे के आर प्रेमदासा और सिनालेस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे.

पाकिस्तान अपने तमाम मैच श्रीलंका में खेलेगा. बता दें, भारत डिफेंडिंग चैंपियन है. उसने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आज तक ऐसा नहीं हुआ है, जब किसी टीम ने अपने घर पर खिताब जीता हो. इसके अलावा आज तक कोई टीम अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई है.