इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनके खेल की आज भी सराहना होती है. कई युवा क्रिकेटर उन्हें अपना आइडियल मानते हैं. यही वजह है कि जब वह कोई बात कहते हैं तो लोग उनकी बातों को गंभीरता से लेते हैं. 40 वर्षीय ब्रॉड ने अब स्काई स्पोर्ट्स के साथ हुई बातचीत के दौरान टेस्ट क्रिकेट के टॉप 10 चुनिंदा तेज गेंदबाजों का चुनाव किया है. जिसमें एक से बढ़कर एक धुरंधर खिलाड़ी शामिल हैं.
ब्रॉड की खास लिस्ट में बुमराह को भी मिली जगह
स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट के टॉप 10 गेंदबाजों में भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया है. बुमराह ने वैसे तो रेड बॉल क्रिकेट में ज्यादा मुकाबले नहीं खेले हैं. मगर जितने भी मुकाबलों में उन्होंने शिरकत किया है. उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है.
खबर लिखे जाने तक बुमराह ने भारतीय टीम की तरफ से कुल 52 टेस्ट मैच खेले हैं. इस बीच उनको 99 पारियों में 19.79 की औसत से 234 सफलता हाथ लगी है.
बुमराह के नाम टेस्ट क्रिकेट में सात बार चार और 16 बार पांच विकेट चटकाने का करनामा है. 27 रन खर्च कर छह विकेट उनका एक मैच की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
ब्रॉड की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में चुने गए टॉप 10 तेज गेंदबाज
ब्रॉड ने पहले स्थान पर अपने हमवतन पूर्व साथी खिलाड़ी जेम्स एंडरसन को रखा है. एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज भी हैं. उसके बाद उन्होंने दूसरे स्थान पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैकग्राथ का चुनाव किया है.
पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी ने तीसरे स्थान पर जसप्रीत बुमराह को रखा है. उसके बाद क्रमशः शॉन पोलॉक, कर्टली एम्ब्रोस, डेल स्टेन, वसीम अकरम, पैट कमिंस, रिचर्ड हैडली और मिचेल जॉनसन का नाम आता है.
यह भी पढ़ें- काला चश्मा, कुर्ता और स्वैग, दही हांडी उत्सव में सूर्यकुमार यादव का धमाकेदार डांस हुआ वायरल, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं