विज्ञापन

स्मृति मंधाना के निशाने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की टॉप 5 बल्लेबाज

स्मृति मंधाना के पास इतिहास रचने का मौका है. महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने से सिर्फ 69 रन दूर हैं. जानिए टॉप-5 की पूरी लिस्ट.

स्मृति मंधाना के निशाने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की टॉप 5 बल्लेबाज
स्मृति मंधाना के पास इतिहास रचने का मौका

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में अगर मंधाना 69 रन बना लेती हैं, तो वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी. स्मृति मंधाना इस समय महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 174 मैचों में 30.65 की औसत से 4,690 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 35 अर्धशतक निकले हैं. मंधाना ने टी20I करियर में 634 चौके और 95 छक्के भी लगाए हैं.

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज सूजी बेट्स के नाम दर्ज है. बेट्स ने 186 मैचों में 4,758 रन बनाए हैं. मंधाना अब इस रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 69 रन दूर हैं. इसके साथ ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 4,249 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका की चामरी अट्टापट्टू 4,095 रन के साथ चौथे और न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन 3,817 रन के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं.

रैंकखिलाड़ीदेशरन
1सूजी बेट्सन्यूजीलैंड4,758+
2स्मृति मंधानाभारत4,690+
3हरमनप्रीत कौरभारत4,249+
4चामरी अथापथुश्रीलंका4,095+
5सोफी डिवाइनन्यूजीलैंड3,817+

विमेंस एशिया कप 2026 में भी मंधाना शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. तीन मैचों में उन्होंने 152 रन बनाए हैं. हांगकांग, चीन के खिलाफ उन्होंने महज 64 गेंदों में 124 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे.

भारत के लिए अच्छी बात यह है कि टीम का बांग्लादेश के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. दोनों टीमों के बीच खेले गए 24 टी20 मुकाबलों में भारत ने 21 मैच जीते हैं, जबकि बांग्लादेश को सिर्फ 3 जीत मिली हैं. सितंबर 2023 के बाद से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ लगातार आठ टी20 मैच अपने नाम किए हैं.

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड आठवां एशिया कप खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी. ऐसे में फैंस की नजर सिर्फ टीम इंडिया की जीत पर ही नहीं, बल्कि स्मृति मंधाना के उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर भी होगी, जो महिला टी20 क्रिकेट के इतिहास में उनका नाम सबसे ऊपर पहुंचा सकता है.

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी.

बांग्लादेश: दिलारा अख्तर, फरजाना इस्मिन, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शर्मिन अख्तर सुप्ता, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, राबिया खान, मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Smriti Mandhana, Women's Twenty20 Asia Cup 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com