विज्ञापन

अब अमेरिका में भी रेवड़ी पॉलिटिक्स, ट्रंप ने चुनाव जीतने पर हर युवा को 5 लाख देने का वादा किया

डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ईरान जंग में उलझी हुई है, अमेरिका में तेल महंगा हुआ पड़ा है. ऐसे में मिडटर्म चुनावों में ट्रंप की पार्टी डेमोक्रेट्स के मुकाबले संघर्ष कर रही है. ट्रंप अब वोटरों को रिझाने का नया तरीका लेकर आए हैं.

अब अमेरिका में भी रेवड़ी पॉलिटिक्स, ट्रंप ने चुनाव जीतने पर हर युवा को 5 लाख देने का वादा किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फाइल फोटो
  • ट्रंप ने मिड-टर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की जीत पर अमेरिकी जनता को 5-5 हजार डॉलर देने का वादा किया
  • रिपब्लिकन पार्टी को कांग्रेस में नियंत्रण बनाए रखने की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने इसे ट्रंप डिविडेंड कहा
  • ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हर वयस्क अमेरिकी के लिए 5-5 हजार डॉलर की राशि सरकार कहां से लाएगी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को वादा किया कि अगर उनकी रिपब्लिकन पार्टी मिड-टर्म चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करती है, वहां की संसद (कांग्रेस) पर अपना कंट्रोल बनाए रखने में कामयाब रहती है, तो हर अमेरिकी वयस्क को केंद्रीय सरकार (फेडरल गवर्नमेंट) की तरफ से 5,000 डॉलर दिए जाएंगे. भारतीय करेंसी में यह रकम 4 लाख 75 हजार से ज्यादा की होती है.

टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी के लोगों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "तो अगर रिपब्लिकन जीतते हैं, तो आप भी हमारे साथ जीतेंगे और आपको 5000 डॉलर मिलेंगे. इसे 'ट्रंप डिविडेंड' कहा जाएगा."

बता दें कि चुनावों में पार्टी डेमोक्रेट्स के मुक़ाबले संघर्ष कर रही है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप की इस रेवड़ी पॉलिटिक्स का अनुमानित खर्च $1 ट्रिलियन से ज्यादा हो सकता है. लेकिन ट्रंप ने यह नहीं बताया कि यह पैसा कहां से आएगा, बस इतना कहा कि हमारा देश बहुत पैसा कमा रहा है.

ट्रंप की पार्टी मुश्किल में

डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि वे 3 नवंबर को होने जा रहे चुनाव में रिपब्लिकन को ओपिनियन पोल के नतीजों को गलत साबित करने और कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. उन्होंने कहा, "मैं आपसे यह मानने के लिए कह रहा हूं कि आप यह समझिए कि मैं भी चुनाव लड़ रहा हूं."

उन्होंने भीड़ से कहा, "मैं चुनाव लड़ रहा हूं, मैं चुनाव लड़ रहा हूं- बस एक बार और."

बता दें कि ओपिनियन पोल से साफ पता चलता है कि ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 30% के निचले स्तर पर है. अमेरिका के वोटर बढ़ती कीमतों और ईरान के खिलाफ उनके शुरू किए गए युद्ध से नाराज हो रहे हैं. 'डिसीजन डेस्क HQ' का अनुमान है कि नवंबर में डेमोक्रेट्स हाउस (लोकसभा जैसा) में 230-205 से जीतेंगे और सीनेट (राज्यसभा जैसा) में 51-49 से उनके पक्ष में नतीजे आएंगे.

यह भी पढ़ें: ईरान से जंग कब खत्म होगी? अमेरिकी हमले के बीच ट्रंप ने दे दी डेडलाइन, बोले- हम समझौते की तलाश में नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, US Politics, US Midterm Election 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com