ILT20 सीजन-5 में दुबई कैपिटल्स और शारजाह वॉरियर्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान एक ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. जिम्बाब्वे के अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा से मैदान पर ऐसी गलती हो गई, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी. आसान रनआउट का मौका हाथ में होने के बावजूद वह फाफ डु प्लेसिस को पवेलियन नहीं भेज सके और यही घटना चर्चा का विषय बन गई.
दरअसल, यह घटना दुबई कैपिटल्स की पारी के सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर हुई. मैक्स होल्डन ने गेंद को कवर की दिशा में खेला और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े फाफ डु प्लेसिस रन लेने के लिए दौड़ पड़े. हालांकि फील्डर ने शानदार रोक लगाते हुए गेंद तेजी से सिकंदर रजा की ओर फेंकी. खतरा भांपकर होल्डन बीच में ही रुक गए, जबकि डु प्लेसिस क्रीज से काफी बाहर फंस गए थे.
हाथ में थी गेंद फिर भी नहीं उड़ाई गिल्लियां
रजा के पास गेंद समय रहते पहुंच चुकी थी और डु प्लेसिस क्रीज से काफी दूर थे, लेकिन गेंद पकड़ने के बाद रजा गिल्लियां उड़ाना ही भूल गए. जब तक उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डु प्लेसिस ने पूरी ताकत से डाइव लगाकर अपनी क्रीज बचा ली. इस कोशिश में उनके कंधे में चोट भी लगी, लेकिन विकेट बच गया.
फैंस ने जमकर किया ट्रोल
घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई फैंस ने रजा की इस चूक को लेकर हैरानी जताई, जबकि कुछ ने इसे टूर्नामेंट की सबसे बड़ी फील्डिंग गलतियों में से एक बताया. आसान रनआउट का मौका गंवाना मैच के दौरान सबसे चर्चित पल बन गया.
Surely gone, surely gone, surely gone... Oh no, Sikandar. 🫣 #DPWorldILT20 #SWvDC #AllInForCricket #WhereTheWorldPlays https://t.co/EoL7nH7NAq
— International League T20 (@ILT20Official) November 27, 2026
हालांकि इस घटना का मुकाबले के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा. शारजाह वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुबई कैपिटल्स को 126 रन पर समेट दिया. जुनैद सिद्दीकी ने 3 विकेट लिए, जबकि एडम मिल्ने और रिचर्ड ग्लीसन ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं. जवाब में टिम सैफर्ट (41) और पॉल वॉल्टर (42) की तेज पारियों की बदौलत शारजाह ने लक्ष्य सिर्फ 13 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और सीजन की पहली जीत दर्ज की.
यह भी पढ़ें- नंबर-6 हार्दिक पांड्या, रोहित-गिल ओपनर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए चुनी प्लेइंग-11
यह भी पढ़ें- 14 साल की जेन्सी कनाबर ने टेनिस में रचा इतिहास, सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
यह भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलेंगे श्रेयस अय्यर, मुंबई के लिए नागपुर में दिखाएंगे दम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं