पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने न्यूजीलैंड दौरे पर टीम चयन को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है. गांगुली ने कहा कि मोहम्मद सिराज का दोनों टेस्ट मैचों की प्लेइंग इलेवन से बाहर होना उन्हें हैरान करता है. उनके मुताबिक, अगर वह कप्तान होते तो सिराज को जरूर टीम में शामिल करते.
गांगुली ने कहा कि वह नहीं जानते कि टीम मैनेजमेंट ने सिराज को बाहर रखने का फैसला क्यों लिया, लेकिन एक कोच के तौर पर गौतम गंभीर के पास इसके पीछे कोई वजह जरूर होगी. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि विदेशी परिस्थितियों में भारत जैसी टीम के लिए प्रयोग से ज्यादा जीत को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.
पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि चयनकर्ताओं ने उनसे अंशुल कंबोज को सिराज से पहले खिलाने की सिफारिश की होती तो वह इसे स्वीकार नहीं करते. गांगुली के मुताबिक, कंबोज भविष्य की योजना का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन मौजूदा समय में क्वालिटी और अनुभव के मामले में सिराज आगे हैं.
वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले गांगुली?
सिराज के अलावा गांगुली ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की. हाल ही में एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में वैभव ने यूएई ए के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन ठोककर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा था.
गांगुली ने कहा कि इतनी कम उम्र में आईपीएल और भारत के लिए मिले मौकों पर जिस तरह वैभव ने प्रदर्शन किया है, वह उन्हें भारतीय क्रिकेट का बड़ा स्टार बनाता है. उन्होंने कहा कि वैभव एक शानदार खिलाड़ी हैं और आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं.
तुलना से बचाने की सलाह
टेलीग्राफ के एक वीडियो में देखा जा सकता है कि, जब वैभव सूर्यवंशी की तुलना सचिन तेंदुलकर से करने को लेकर गांगुली से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, 'उसकी तुलना सचिन तेंदुलकर से मत करो. सचिन की तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती है.' उन्होंने क्रिकेट एक्सपर्ट और फैंस को सलाह दी कि वैभव की तुलना किसी खिलाड़ी से नहीं करनी चाहिए. उनका मानना है कि अभी वैभव सिर्फ 15-16 साल के हैं और उन्हें बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपना खेल खेलने देना चाहिए.
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 16 लिस्ट-ए पारियों में 805 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 63 छक्के निकले हैं. वहीं भारत अंडर-19 के लिए युवा वनडे क्रिकेट में भी उनके आंकड़े शानदार रहे हैं, जहां उन्होंने 25 पारियों में 1412 रन बनाए हैं.
यह भी पढ़ें- सुरेश रैना के जन्मदिन पर पत्नी प्रियंका ने बिखेरा जलवा, पर्ल वर्क ब्लाउज और साड़ी ने खींचा सबका ध्यान
यह भी पढ़ें- वियन रिचर्ड्स नंबर-3, कोहली नंबर-4, ओपनर रोहित शर्मा, इयान बिशप ने चुनी ऑल टाइम ODI प्लेइंग-11
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं