Shubman Gill Post Sanju Samson Missing: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर अपने टी20 वर्ल्ड कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया और इतिहास रच दिया है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कीवी टीम को 96 रनों से रौंदकर भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन बनी है. भारत की जीत के बाद टीम इंडिया को लगातार बधाइयां मिल रही है. टेस्ट और वनडे फॉर्मेट के कप्तान शुभमन गिल ने भी टीम इंडिया को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट शेयर किया है. जहां पहली नजर में तो इस पोस्ट में कोई दिक्कत नजर नहीं आती है, लेकिन थोड़ी ही देर में फैंस ने कुछ ऐसा खोज लिया, जिसने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है. गिल के इस पोस्ट में फैंस ने कमेंट किया और पूछा कि आखिर फोटो में संजू सैमसन कहा हैं. कुछ फैंस ने शुभमन गिल पर फोटो एडिट करने की भी बात कही है.
शुभमन गिल को जब वर्ल्ड कप टीम से ड्रॉप किया गया था, तो उनकी जगह पर संजूू को ही टीम इंडिया में शामिल किया गया था. गिल को संजू की जगह ही मौका दिया गया था और उनके फ्लॉप रहने पर संजू की ही वापसी हुई. ऐसे में संजू जो भारतीय टीम के जीत के नायक रहे, उनका फोटो में ना होना फैंस को नहीं भाया. संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में 5 पारियों में 321 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है कि गिल ने फोटो के साथ कोई छेड़छाड़ किया है या नहीं, लेकिन फैंस का मानना है कि गिल ने ऐसा किया है, जबकि कुछ फैंस उनका बचाव भी कर रहे हैं.
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड और उससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली थी. टेस्ट और वनडे कप्तान, शुभमन गिल, क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी के बाद से ही संघर्ष कर रहे थे. दूसरी तरफ इनफॉर्म बल्लेबाज संजू सैमसन को गिल के प्लेइंग इलेवन में आने के चलते बाहर बैठना पड़ा था. ऐसे में चयनकर्ताओं पर दवाब बढ़ता जा रहा था. अंत में अजीत अगरकर एंड कंपनी ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए गिल को ड्रॉप करने का फैसला लिया.
हालांकि, टीम में जगह बनाने के बाद भी संजू को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला. ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन कर टॉप ऑर्डर में जगह पक्की की. लेकिन सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने टैक्टिकल बदलाव किया. संजू ने टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ पांच मैच खेले और अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया. उम्दा प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया.
यह भी पढ़ें: BCCI Naman Award 2026 List: शुभमन गिल से लेकर स्मृति मंधाना तक...जानें किसे मिलेगा कौन सा सम्मान, देखें पूरी लिस्ट
यह भी पढ़ें: PSL छोड़ IPL चुना तो तिलमिलाया पाकिस्तान, अब ब्लेसिंग मुजरबानी के खिलाफ एक्शन की कर रहा तैयारी- रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं