Cockroach Party Scam MP Police: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी' अब कथित तौर पर खतरे की घंटी बन गई है. मजाक या व्यंग्य के तौर पर शुरू हुआ यह ट्रेंड अब साइबर ठगों के लिए नया हथियार बनता जा रहा है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी की साइबर पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए चेतावनी जारी की है कि इस नाम पर भेजे जा रहे लिंक और APK फाइलें आपके मोबाइल को हैक कर सकती हैं.
वायरल ट्रेंड बना साइबर ठगी का जरिया
शिवपुरी साइबर पुलिस के मुताबिक, ‘कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) मई 2026 में सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक ट्रेंड के रूप में वायरल हुई थी. लेकिन अब साइबर ठग इसकी बढ़ती लोकप्रियता का फायदा उठा रहे हैं. वे लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के बहाने फर्जी लिंक और फाइलें भेज रहे हैं.
लिंक पर क्लिक करते ही खतरा
पुलिस ने बताया कि ठग WhatsApp, Telegram और SMS के जरिए लिंक भेजते हैं. जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है या APK फाइल डाउनलोड करता है, उसका मोबाइल हैक होने का खतरा बढ़ जाता है. इससे बैंकिंग जानकारी चोरी हो सकती है और आर्थिक नुकसान भी हो सकता है.

APK फाइल से बढ़ रही समस्या
साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, APK फाइलें सबसे ज्यादा खतरनाक होती हैं, क्योंकि ये सीधे मोबाइल सिस्टम तक पहुंच बना लेती हैं. अगर कोई अनजान फाइल डाउनलोड कर ली जाए, तो हैकर आसानी से फोन के डेटा तक पहुंच सकता है.
पुलिस की सख्त सलाह
शिवपुरी साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. साथ ही, किसी भी अज्ञात स्रोत से आई APK फाइल को डाउनलोड या फॉरवर्ड न करें. मोबाइल ऐप हमेशा Google Play Store या किसी आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें.
अगर किसी ने गलती से ऐसा कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल कर लिया है, तो उसे तुरंत हटाएं और अपने सभी जरूरी पासवर्ड बदल लें. इससे संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है.
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस का कहना है कि अगर किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है, तो तुरंत अपने बैंक को सूचना दें और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं. इसके अलावा शिवपुरी साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 7049123288, राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं