जब भारतीय टीम शनिवार को खूबसूरत गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले में एक्शन में होगी तो यह भारतीय क्रिकेट का ऐतिहासिक मुकाम होगा. टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट खेलेगी. जबकि इस ऐतिहासिक जगह पर वह 50वां मैच भी होगा. आंकड़ों के अलग, मैच भारत के स्वतंत्रता दिवस पर शुरू हो रहा है, इससे भी फैंस के बीच काफी दिलचस्पी है. भारतीय टीम के लिए यह सीरीज काफी अहम है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अब बचे अपने सभी मुकाबले जीतने होंगे. गॉल में अगर रिजल्ट भारत के पक्ष में नहीं आया तो उसके आगे की राह मुश्किल हो सकती है. इस सीरीज की शुरुआत की पूर्व संध्या पर जब कप्तान गिल मीडिया के सामने आए तो उन्होंने भी साफ किया कि भारत का अल्टीमेट गोल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल ही है.
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पर नजरें
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में फिलहाल भारत पांचवें स्थान पर है और जून 2027 में द ओवल में होने वाले फाइनल में पहुंचने के लिए उसे अपने बाकी बचे लगभग सभी मैच जीतने होंगे. कप्तान गिल ने कहा,"मैं इस रोल के साथ बहुत सहज हूं, और मुझे लगता है कि पिछले एक साल में जिस तरह से हम आगे बढ़ रहे हैं, वह मेरे नजरिए से बहुत अच्छा रहा है, और मुझे लगता है कि हम सही दिशा में सभी सही कदम उठा रहे हैं."
कप्तान गिल ने कहा,"जाहिर है, मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलना है, जो अगले साल है. हमारे पास लगभग नौ टेस्ट हैं, और मुझे लगता है कि क्वालीफाई करने का अच्छा मौका पाने के लिए हमें लगभग छह या सात जीतने होंगे. इसलिए, मुझे लगता है कि यह हमारे लिए बहुत ज़रूरी सीरीज़ है, और हमने सीरीज़ से पहले सही तरह की तैयारी की है."
तैयारी के लिए ज्यादा समय मिलना फायेदमंद
भारतीय टीम श्रीलंका दौरे के लिए काफी पहले ही पहुंच गई थी. कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ़ एक अच्छा वार्म-अप मैच खेला. किसी दौरे के लिए पर्याप्त समय मिलने को लेकर गिल ने कहा,"खिलाड़ियों के लिए खुद को ढालना कभी आसान नहीं होता, और मुझे लगता है कि इस टीम के ज़्यादातर खिलाड़ियों को हालात के हिसाब से ढलने के लिए थोड़ा समय चाहिए. ऐसा नहीं है कि ज़्यादातर खिलाड़ियों ने बहुत ज़्यादा मैच खेले हों या उन्हें बहुत ज़्यादा अनुभव हो, इसलिए तैयारी के लिए ज़्यादा समय मिलना निश्चित रूप से मदद करता है."
बुमराह की नहीं खलेगी कमी
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद उन्हें टीम के तेज़ बॉलिंग डिपार्टमेंट पर भी बहुत भरोसा था, और उन्होंने पेसर प्रसिद्ध कृष्णा की खास तारीफ की. गिल ने कहा,"गुरनूर बरार बहुत अच्छे हैं क्योंकि वह पुरानी गेंद से अच्छी पेस से बाउंस निकाल सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा हाल ही में अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं, जैसा कि हमने वार्म-अप मैच में देखा है. इसलिए यह एक मुश्किल फैसला है. प्रसिद्ध ने हाल ही में सबसे अच्छी बॉलिंग की है जो मैंने उन्हें कभी करते हुए नहीं देखी."
शुभमन ने आगे कहा,"बुमराह नहीं हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह कुछ दूसरे बॉलर्स के लिए सच में अच्छा मौका है कि वे आगे आएं और सीरीज़ पर अपनी छाप छोड़ें. विकेट लेने के लिए आपको अलग-अलग चीजें ट्राई करते रहना होगा. आपको मौके बनाने होंगे, खासकर पहले और दूसरे दिन. हो सकता है कि विकेटों से ज़्यादा कुछ न हो रहा हो. तो आप प्रेशर कैसे बना सकते हैं? आप गेम को अपने हाथ से बहुत ज़्यादा जाने से कैसे रोक सकते हैं? इस तरह की क्रिएटिव फील्ड होना ज़रूरी है."
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील ने जमशेदपुर FC को सिर्फ ₹100 में चर्चिल-ब्रदर्स को बेचा
यह भी पढ़ें: IPL 2027: हार्दिक पंड्या के लिए कौन सी टीम बेस्ट? KKR के स्टार ने बता दिया नाम, बोला वहीं मिलेगी आजादी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं