विज्ञापन

राजस्थान के पंचायत चुनावों में झटके पर बोली भाजपा- गलतियों पर विचार करेंगे, जनादेश स्वीकार है

जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव में शाम 5.30 बजे तक घोषित 759 नतीजों में से कांग्रेस ने 451 और भाजपा ने 248 सीटें जीती हैं. माकपा ने पांच, बीएपी ने आठ, आरएलपी ने 36 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने आठ सीटें जीतीं.

राजस्थान के पंचायत चुनावों में झटके पर बोली भाजपा- गलतियों पर विचार करेंगे, जनादेश स्वीकार है
  • पंचायत चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवारों ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में भाजपा से अधिक सीटें जीती हैं
  • जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 451 सीटें और पंचायत समितियों में 3,653 सीटें जीत भाजपा को पीछे छोड़ दिया है
  • प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव परिणामों की समीक्षा करने और अपनी गलतियों का मूल्यांकन करने का संकेत दिया है
जयपुर:

राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजे भाजपा के विपरीत आए हैं. जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक में कांग्रेस और उसके समर्थित उम्मीदवारों के जीतने का आंकड़ा अधिक है. प्रदेश में सरकार होने के बाद भी इस तरह की हार ने भाजपा को चौंकाया है. इस मामले में सवाल पूछा गया तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हम इन नतीजों की समीक्षा करेंगे. उन्होंने कहा, 'आज कई जिला परिषदों के चुनाव नतीजे आए हैं. इसके अलावा चुनाव समितियों के भी परिणाम आए हैं. हम जनादेश को स्वीकार करते हैं. हम इस बात की समीक्षा करेंगे कि आखिर हमसे गलती कहां हो गई. हम सभी पहलुओं पर विचार करेंगे. हमेशा की तरह जनसेवा के लिए तत्पर रहेंगे.'

राजस्थान के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 और 419 पंचायत समिति के 7,543 सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे. जिला परिषद के लिए 4,069 और पंचायत समितियों के लिए 25,108 उम्मीदवार मैदान में थे. नतीजों की बात करें तो शाम 5.30 बजे तक पंचायत समिति के कुल 7,543 सदस्यों में से 7,312 के नतीजे आ चुके हैं. इनमें से कांग्रेस ने 3,653 सीटें जीतीं जबकि भाजपा के खाते में 2,159 सीटें गईं. हनुमान बेनीवाल की आरएलपी ने 489 सीटें, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 50, बहुजन समाज पार्टी ने 60 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 276 सीटें जीती हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने 623 सीटों पर जीत हासिल की है.

जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव में शाम 5.30 बजे तक घोषित 759 नतीजों में से कांग्रेस ने 451 और भाजपा ने 248 सीटें जीती हैं. माकपा ने पांच, बीएपी ने आठ, आरएलपी ने 36 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने आठ सीटें जीतीं. ये नतीजे भाजपा के लिए झटका हैं, जो राज्य की सत्ता पर काबिज है. 

आमतौर पर सत्ताधारी दल के पक्ष में ही स्थानीय चुनाव जाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ है. इसे कांग्रेस अपने पक्ष में लहर के तौर पर प्रचारित कर रही है.  इस बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का ट्वीट आय़ा है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि राजस्थान में कांग्रेस की लहर दिखी है. केसी वेणुगोपाल ने लिखा कि जनता ने स्थानीय चुनावों में सत्ताधारी दल की ही जीत होती है, ऐसे ट्रेंड को तोड़ा है. नागरिकों ने दिखाया है कि वे भाजपा के कुशासन से परेशान हैं और बदलाव चाहते है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India News, Panchayat Elections, Panchayat Chunav, Rajasthan Elections, Rajasthan Elections News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com