विज्ञापन

'मैं जोशी को इसके बदले 2 बैट दे दूंगा', सचिन के बैट नंबर-20 की कहानी, इस वजह से बना सबसे पसंदीदा बल्ला

हाल ही में सचिन तेंदुलकर ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को अपने 25 बल्ले गिफ्ट गिए. और कार्यक्रम में सचिन ने बैट नबंर-20, "द सुपर बैट" मास्टर के लिए वेरी-वेरी स्पेशल बैट बन गया

'मैं जोशी को इसके बदले 2 बैट दे दूंगा', सचिन के बैट नंबर-20 की कहानी, इस वजह से बना सबसे पसंदीदा बल्ला
सचिन तेंदुलकर एमसीए में म्युजियम के दौरान
source: X

सचिन तेंदुलकर की क्रिकेट यात्रा को समझने के लिए एक बेहतर तरीका यह भी है  कि उनके बल्लों को देखा जाए.साल 1978 से 2013 तक उनके करियर के सबसे यादगार पड़ावों में इस्तेमाल किए गए उनके 25 खास बल्लों को हाल ही में  मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के वानखेड़े स्टेडियम स्थित 'शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम' में प्रदर्शित किया गया. पांच साल की उम्र में पकड़े गए उनके पहले बल्ले से लेकर, उनके आखिरी टेस्ट मैच में इस्तेमाल किए गए बल्ले तक. ये सभी तेंदुलकर को समर्पित एक खास सेक्शन की शोभा बढ़ा रहे हैं. और सचिन ने अपने हर बल्ले से जुड़ी कहानी को बयां किया. 

यह भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर के ₹5 करोड़ के निवेश की कीमत हुई ₹105 करोड़, इस कंपनी के शेयर ने दिया 21 गुना रिटर्न

'बैटोग्राफी' नाम के इस कलेक्शन में हर बल्ले को इस महान बल्लेबाज के करियर के एक अध्याय के रूप में पेश किया गया है. इसकी शुरुआत उस 'कश्मीर विलो' (लकड़ी) वाले बल्ले से होती है, जो 1978 में उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था. और इसका समापन उस बल्ले के साथ होता है, जिससे उन्होंने वानखेड़े में अपनी आखिरी टेस्ट पारी खेली थी.20 नंबर के बल्ले को "द सुपरबैट" का नाम दिया गया है. इस बल्ले का इस्तेमाल उन्होंने 2009-11 के बीच किया था. इसी से उन्होंने हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 175 रन बनाए थे. और ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में किसी पुरुष खिलाड़ी द्वारा लगाया गया पहला दोहरा शतक भी इसी बल्ले से जड़ा था. दिलचस्प बात यह है कि यह बल्ला असल में तेंदुलकर के लिए नहीं बना था.

सचिन ने कहा, 'हम मोहाली में खेल रहे थे और बैट बनाने वाले (सुमित कोहली) मेरे लिए कई बैट लेकर आए थे, जिनमें से मुझे एक चुनना था. उन्होंने एक बैट अलग रख दिया था. इसके बारे में मैंने उनसे यूं ही पूछ लिया. उन्होंने बताया कि वह मेरे काम का या मेरी पसंद का नहीं है, थोड़ा लंबा भी है, और यह सुनील जोशी (पूर्व भारतीय स्पिनर और निचले क्रम के बल्लेबाज) के लिए है.' सचिन आगे बोले, 'जिज्ञासा के कारण मैंने उसे उठाया और जब मैंने उससे गेंद को हिट किया (बैट के ब्लेड पर गेंद को टैप किया), तो गेंद उछलकर छत से जा टकराई.'

तेंदुलकर ने कहा,  'मैंने उनसे कहा कि मैं जोशी को दो दूसरे बैट दे दूंगा और उनसे कहा कि सुनील वाला बैट मुझे दे दें. मैंने उनसे कहा कि इसे नीचे से थोड़ा काट दें और जल्दी से मेरे पास भेज दें. अगला मैच हम हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल रहे थे, और वह बैट मेरे पास ठीक उसी समय पहुंचा जब टीम बस स्टेडियम के लिए निकल रही थी. मैं बिल्कुल नए बैट के साथ बल्लेबाजी करने उतरा. यह मेरा पसंदीदा बैट बन गया. मैं खुद ही अलग-अलग तरीकों से, जैसे गोंद (ग्लू) वगैरह लगाकर, इसकी मरम्मत कर लिया करता था.'

युवा खिलाड़ियों के लिए बैट चुनने के सबसे सही तरीके के बारे में बात करते हुए इस महान बल्लेबाज ने कहा, 'बैट का ‘फील' (हाथ में उसका अहसास) सबसे अहम होता है. अगर कोई 10 साल का बच्चा बैट चुन रहा है, तो उसे यह देखना चाहिए कि तेज गेंदबाजों के खिलाफ ‘कट' (स्क्वायर के सामने या लेट कट) और ‘पुल' शॉट खेलते समय बैट कैसा महसूस होता है. अगर बैट का बैलेंस अच्छा नहीं है, तो आप ये शॉट ठीक से नहीं खेल सकते.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sachin Ramesh Tendulkar, India, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com