VIRAL VIDEO: ब्रिटिश यूट्यूबर विल डेविस ने हाल ही में भारत की सबसे आलीशान ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' के 'प्रेसिडेंशियल सुइट' में सफर किया. उन्होंने इस सफर का एक बेहद दिलचस्प वीडियो अपने यूट्यूब चैनल Trek Trendy पर शेयर किया है. जिसे 30 लाख से ज्यादा बार देखा चुका है. उन्होंने दुनिया को दिखाया है कि भारत की सबसे लग्जरी ट्रेन के अंदर का नजारा कैसा होता है. पटरियों पर दौड़ते इस सात सितारा होटल की सवारी कैसी होती है. उन्होंने इस सफर को कभी न भूलने वाला अनुभव बताया.
स्टेशन पर हुआ शाही स्वागत
सफर की शुरुआत दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से होती है, जहां महाराजा एक्सप्रेस शान से खड़ी थी. लाल और सुनहरे रंग की इस ट्रेन को देखते ही शाही अहसास होने लगता है. ट्रेन के कर्मचारियों ने यूट्यूबर का स्वागत पारंपरिक फूलों की माला पहनाकर और तिलक लगाकर किया. इसके बाद उन्हें सीधे रेड कारपेट से होते हुए उनके सुइट तक ले जाया गया, जहां उनके लिए एक पर्सनल बटलर हर वक्त सेवा में तैनात था.
WATCH VIDEO
ट्रेन नहीं, पटरी पर दौड़ता पूरा महल
यह ट्रेन करीब आधा मील लंबी है जिसमें 23 डिब्बे हैं. लेकिन सबसे हैरान करने वाला था इनका 'नव रत्न' प्रेसिडेंशियल सुइट, जो किसी एक कमरे जितना नहीं बल्कि पूरे एक रेल डिब्बे में फैला हुआ था. करीब 448 वर्ग फीट के इस आलीशान सुइट में एक लिविंग रूम, दो बेडरूम और दो बाथरूम बने हैं. सबसे अनोखी बात तो यह थी कि ट्रेन के मुख्य बाथरूम में एक शानदार बाथटब भी मौजूद था.
सोने की प्लेटों में परोसा गया खाना
सफर के दौरान खाने के लिए ट्रेन में दो बेहद खूबसूरत रेस्टोरेंट हैं- 'मयूर महल' और 'रंग महल'. मयूर महल की छत को स्पेन से मंगाए गए हाथ से बने ग्लास मोजेक से सजाया गया है, जबकि रंग महल की छत पर स्थानीय कलाकारों ने रत्नों को पीसकर तैयार किए गए रंगों से पेंटिंग की है. यहां मेज पर रखी सर्विस प्लेटें असली सोने की बनी हैं. यूट्यूबर ने यहां राजस्थानी कढ़ी, कश्मीरी दम आलू, पनीर कोफ्ता और पारंपरिक शाही फिरनी जैसे भारतीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया.
यह भी पढ़ें | सूरत का करोड़पति जैन परिवार बेटियों संग बनेगा संन्यासी, कहा- उस हादसे ने जिंदगी बदल दी
मेबैक कार से मिलती है सर्विस
इस सुइट की विलासिता केवल ट्रेन के अंदर तक ही सीमित नहीं थी. यूट्यूबर के लिए हर शहर में घूमने के लिए खास तौर पर ड्राइवर के साथ एक आलीशान मेबैक (Maybach) कार और एक पर्सनल गाइड का इंतजाम था. इसी शाही अंदाज में उन्होंने आगरा का विश्व प्रसिद्ध ताजमहल और ऐतिहासिक किला देखा. इसके बाद वे सवाई माधोपुर पहुंचे, जहां प्राइवेट जीप से रणथंभौर नेशनल पार्क में टाइगर सफारी का आनंद लिया. जयपुर में इस सफर का अंत एक बेहद खूबसूरत विरासत होटल 'रामबाग पैलेस' में पारंपरिक संगीत और शाही डिनर के साथ हुआ.
ट्रेन यात्रा पर खर्च कितना हुआ?
इस अद्भुत और अविस्मरणीय सफर के बाद जब यूट्यूबर वापस दिल्ली लौटे, तो उन्होंने खर्च का खुलासा किया जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया. इस प्रेसिडेंशियल सुइट में तीन दिनों की यात्रा का कुल खर्च 28,455 डॉलर (यानी करीब 24 लाख रुपये) था. यूट्यूबर के मुताबिक, यह रकम वाकई बहुत बड़ी है, लेकिन पर्सनल बटलर, मेबैक कार से ट्रांसफर, प्राइवेट गाइड, लाजवाब खाना और पूरे एक डिब्बे की प्राइवेसी को देखते हुए यह दुनिया के सबसे बेहतरीन और अनूठे अनुभवों में से एक है.
लोगों ने जमकर की तारीफ
यूट्यूबर के इस शाही सफर @MukeshChauhan और @amritpalsingh3494 जैसे दर्शकों ने राहत की सांस ली कि आखिरकार किसी विदेशी यात्री ने भारी-भरकम बजट के साथ भारत की यात्रा कर इसकी समृद्ध और सकारात्मक छवि को दुनिया के सामने पेश किया है. वहीं, @seanpmalay ने मुख्य शेफ जॉन (Chef John) को एक 'लीजेंड' बताते हुए उनकी शानदार मेहमाननवाजी और मुस्कुराते चेहरे की जमकर सराहना की है.
यह भी पढ़ें | भारत में पुलिस वाले को अपनी ड्यूटी कैसे निभानी चाहिए? पद्म श्री से सम्मानित IPS ने दिए 4 गुरु मंत्र
यह भी पढ़ें | भारत आई ग्रीक लड़की ने बर्थडे पर पूरी दिल्ली को बुलाया, बोली- ये मेरी जिंदगी का सबसे खास दिन है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं