विज्ञापन

CBSE हैरिटेज इंडिया क्विज के लिए आवेदन शुरू, मिलेगा 25 हजार का इनाम

CBSE Heritage India Quiz: सीबीएसई की तरफ से हैरिटेज इंडिया क्विज की शुरुआत की गई है, इसमें तमाम स्कूल अपना आवेदन कर रहे हैं और इसके पूरा होने के बाद फिर क्विज कॉम्पिटिशन शुरू होगा.

CBSE हैरिटेज इंडिया क्विज के लिए आवेदन शुरू, मिलेगा 25 हजार का इनाम
CBSE हैरिटेज इंडिया क्विज

CBSE के लाखों छात्रों ने डेटशीट जारी होने के बाद बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज कर दी है. इसी बीच बोर्ड की तरफ से हैरिटेज इंडिया क्विज की शुरुआत भी होने जा रही है. इस क्विज में भारत समेत दुनिया के बाकी देशों में स्थित सीबीएसई स्कूल भी हिस्सा ले सकते हैं. हर स्कूल की टीमें क्विज में शामिल होंगीं और आखिर में विनर का ऐलान किया जाएगा. इस साल की थीम 'फूड कल्चर ऑफ इंडिया' को रखा गया है. क्विज में इसी थीम से 25 प्रतिशत सवाल पूछे जाएंगे. जीतने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा. 

इस विषय पर होंगे बाकी सवाल

सीबीएसई की तरफ से बताया गया है कि बाकी 75 प्रतिशत सवाल भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के तमाम पहलुओं से पूछे जाएंगे. इसके लिए 10वीं से लेकर 12वीं तक के छात्रों की टीम हिस्सा ले सकती है. हर टीम में तीन छात्र होंगे. 

ये है आखिरी तारीख

स्कूलों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 बताई गई है. इसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. क्विज कुल तीन चरणों में आयोजित होगा. पहले चरण में ऑनलाइन टेस्ट होगा. इसमें 50 मिनट की लिखित परीक्षा होगी और नेगेटिव मार्किंग नहीं है. हर रीजन से टॉप-6 टीमों को अगले दौर के लिए चुना जाएगा. इसके बाद दूसरे राउंड में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सवाल पूछे जाएंगे. इसके साथ ही सेमीफाइनल तक टीम पहुंच जाएगी. आखिर में दिल्ली स्थित सीबीएसई ऑफिस में सेमीफाइनल और फाइनल होगा. 

किसे कितना मिलेगा इनाम?

  • फाइनल जीतने वाली टीम को 25,000 रुपये के साथ ट्रॉफी दी जाएगी
  • दूसरे नंबर पर आने वाली टीम को 15,000 रुपये मिलेंगे 
  • तीसरे नंबर की टीम को 10 हजार का इनाम दिया जाएगा
  • चौथे स्थान पर आने वाली टीम को 8 हजार रुपये मिलेंगे 

सीबीएसई की तरफ से बताया गया है कि नेशनल सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों को सबसे छोटे रूट का घरेलू हवाई किराया या सेकेंड एसी रेल किराया दिया जाएगा. हालांकि रहने-खाने का खर्च स्कूल को खुद उठाना होगा.

यह भी पढ़ें | महाराष्ट्र में नर्सरी एडमिशन के नियम बदले, प्लेग्रुप में ही बिताना होगा एक और साल

यह भी पढ़ें | अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट, रिपोर्ट में जारी हुए आंकड़े

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBSE Heritage India Quiz, Cbse Quiz Competition, CBSE Students
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com