भारतीय टीम के युवा सनसनी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनके बल्लेबाजी की पूरी दुनिया दीवानी है. 15 वर्षीय बल्लेबाज की देश के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी सराहना की है. उनका कहना है वैभव सूर्यवंशी बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं. मगर हुनर दिखाने का उन्हें अब तक कुछ खास मौका नहीं मिला है, जितना की उन्हें मिलना चाहिए.
भारतीय दिग्गज का ये भी मानना है कि वैभव का ध्यान फिलहाल क्रिकेट पर है. मगर जैसे-जैसे वह बड़े होंगे. उनके सामने पैसा, शोहरत, पार्टियां और दूसरी चीजों का आकर्षण करीब आएगा, लेकिन फिर भी उन्हें अपना ध्यान क्रिकेट पर ही लगाकर रखना है.
वैभव की तुलना उन्होंने सीधे सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली से तो नहीं की. मगर उनका उदाहरण देते हुए कहा दोनों खिलाड़ी बहुत प्रतिभाशाली थे. सचिन ने अनुशासन और कठिन परिश्रम के बदौलत लंबा और सफल करियर बनाया, जबकि कांबली का करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया.
कपिल देव ने संडे मिड-डे के साथ हुई बातचीत के दौरान कहा, 'उसे अभी बहुत लंबा सफर तय करना है. वह भारतीय टीम का हिस्सा है, लेकिन उसे पर्याप्त मौके नहीं मिल पा रहे हैं.'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है यह उसका खेलने का अंदाज है. आजकल हर किसी को आक्रामक क्रिकेट पसंद है. इतनी कम उम्र में चौके-छक्के लगाना बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी को अच्छा लगता है. उसे और समय चाहिए. प्रतिभा की कोई कमी नहीं है.'
भारतीय दिग्गज ने कहा, '15 साल की उम्र में उसके दिमाग में केवल क्रिकेट है. लेकिन जब वह 18-19 साल का होगा तो पार्टियां, प्रसिद्धि और दूसरी चीजें सामने आएंगी. वह सचिन तेंदुलकर बनेगा या विनोद कांबली, यह अभी कहना बहुत मुश्किल है.'
उन्होंने कहा, 'उसे सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए और किसी दूसरी चीज के बारे में नहीं सोचना चाहिए. इस उम्र में लोग पैसों की भी बातें करने लगते हैं. उसमें जबरदस्त प्रतिभा है, लेकिन उसे अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है.'
यह भी पढ़ें- बैग फेंककर खेलने भागता था, पढ़ाई में पिटता था, आज वही मनाल U-19 का हीरो बन गया, घर में जश्न का माहौल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं