- यूपी के सीतापुर में अभिषेक और तमन्ना ने रचाई शादी
- दोनों अलग-अलग धर्म के थे, शादी के बाद तमन्ना ने मजहब बदला
- अभिषेक और तमन्ना एक ही जगह काम करते थे, वहीं हुआ प्यार
प्यार न किसी मजहब को मानता है और न ही किसी दूरी को. दो अलग-अलग धर्म के लड़के-लड़की में प्यार का रिश्ता परवान चढ़ता है. फिर दोनों आपसी रजामंदी से शादी करना चाहते हैं. पर यहीं, फिल्मी पेच फंसता है. लड़की के घर वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे. फिर क्या था प्यार करने वालों ने कोर्ट का रास्ता अख्तियार किया. दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली. मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर का है. दरअसल, बिहार की रहने वाली मुस्लिम युवती तमन्ना परवीन अपने हिंदू प्रेमी अभिषेक वर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई है. रामकोट थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर में दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए. शादी के बाद युवती ने अपना नाम तमन्ना परवीन से बदलकर मुस्कान वर्मा रख लिया. युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है और वह अभिषेक के साथ खुशहाल जिंदगी बिताना चाहती है.
लड़की का परिवार रिश्ते के लिए नहीं था तैयार
दरअसल, रामकोट थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी निवासी अभिषेक वर्मा हरियाणा की एक चप्पल फैक्ट्री में काम करता था. इसी फैक्ट्री में बिहार की रहने वाली तमन्ना परवीन भी काम करती थी. दोनों आसपास ही रहते थे. काम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां प्यार में बदल गईं. पिछले तीन वर्षों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि तमन्ना ने अपने परिवार के सामने अभिषेक से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुआ. इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और साथ रहने का फैसला किया. कोर्ट मैरिज के बाद अभिषेक तमन्ना को लेकर सीतापुर पहुंचा.
लड़की बोली- अपनी मर्जी से अपनाया हिंदू धर्म
16 नवंबर को अभिषेक ने हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास हिंदू से संपर्क किया. इसके बाद उनकी मौजूदगी में काली मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया. इस दौरान अभिषेक के परिजन और दोस्त भी मौजूद रहे. शादी के बाद तमन्ना परवीन उर्फ मुस्कान वर्मा ने कहा कि उसने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाया है. उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है और वह अभिषेक के साथ खुश है. वहीं अभिषेक ने भी मुस्कान को अपनी पत्नी बनाकर खुशी जाहिर की. फिलहाल यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
(सीतापुर से मोहम्मद समीर की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं