21 किमी लंबी गुरुग्राम-मानेसर सदर्न पेरिफेरल रोड प्रोजेक्ट (ग्रेटर SPR) परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कवायद तेज हो गई है. इसमें बादशाहपुर और शिकोहपुर के किसानों को सबसे भारी मुआवजा मिलेगा. ये ग्रेटर एसपीआर रोड गुरुग्राम को मानेसर से जोड़ेगी. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अनुसार, भूमि अधिग्रहण आखिरी दौर में है. इसमें 6 हजार करोड़ का भारी मुआवजा मिलेगा. अभी का 16 किमी लंबा सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) गुरुग्राम के सेक्टर 58 से बादशाहपुर चौक और NH-48 तक जाता है. जबकि ग्रेटर एसपीआर लगभग 21 किलोमीटर लंबा होगा. ये सेक्टर-58 से मानेसर तक जाएगा और इसमें 4.2 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड होगा.
बादशाहपुर में 8 करोड़ प्रति एकड़ मुआवजा
इसके पहले चरण में बादशाहपुर में मुआवजा दर सबसे ज्यादा है. ये प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा होगा. बादशाहपुर की लगभग 51 एकड़ जमीन ली जा रही है. इसकी लोकेशन और सोहना रोड से नजदीकी के कारण बादशाहपुर को 8.25 करोड़ प्रति एकड़ की दर से सबसे ज्यादा मुआवजा देने का फैसला लिया गया है. शिकोहपुर में भी ऊंचा मुआवजा मिलेगा. दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) के करीब प्रीमियम लोकेशन के लिए मुआवजा 8 से 11 करोड़ एकड़ तक जा सकती है. पहले चरण गांव बहरामपुर, कादरपुर और मैदावास के किसानों को 6.5 करोड़ से 8 करोड़ प्रति एकड़ तक का मुआवजा मिलेगा.
दो चरणों में भूमि अधिग्रहण
सदर्न पेरिफेरल रोड की 14 गांवों की करीब 670 एकड़ भूमि अधिग्रहण दो चरणों में हो रहा है. पहले चरण में 6 गांवों की लगभग 276 एकड़ जमीन ली जाएगी. बहरामपुर की 26 एकड़, उल्लावास की 17 एकड़, घूमसपुर में 54 एकड़, कादरपुर की 77 एकड़, मैदावास में 50 एकड़ और बादशाहपुर में 51 एकड़ भूमि ली जाएगी. भूमि अधिग्रहण कानून की धारा-6 के तहत अधिसूचना भी हो चुकी है. प्रशासन फरवरी-मार्च तक मुआवजा बांटकर जमीन कब्जे में ले लेगा. दूसरे चरण में लगभग 394 एकड़ अतिरिक्त जमीन ली जाएगी. शिकोहपुर, नौरंगपुर, अकलीमपुर, टीकली, सकतपुर, बाढ़ गुर्जर, मानेसर और नैनवाल भी इसमें शामिल है.दूसरे चरण के लिए भूमि अधिग्रहण फरवरी तक पूरा करने का टारगेट है.
गुरुग्राम के ट्रैफिक में राहत
ग्रेटर एसपीआर रोड से गुरुग्राम, दिल्ली और फरीदाबाद के यात्रियों को ट्रैफिक जाम में काफी राहत मिलेगी. अभी दिल्ली-जयपुर हाईवे और मौजूदा एसपीआर रोड पर भारी ट्रैफिक दबाव रहता है. ग्रेटर एसपीआर से फरीदाबाद और सोहना के वाहनों को सीधे मानेसर और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बिना ट्रैफिक में फंसे पहुंचेंगे.सरकार ग्रेटर एसपीआर को एलिवेटेड रोड के तौर पर विकसित की योजना बना रही है. इससे नीचे लोकल ट्रैफिक और ऊपर एक्सप्रेसवे ट्रैफिक अलग रहेगा. गुरुग्राम में सेक्टर 58 से 95 तक इस विशाल 150 मीटर चौड़े रोड से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) भर ट्रैफिक घटेगा
सदर्न पेरिफेरल रोड से दिल्ली-जयपुर हाईवे के ट्रैफिक को बाईपास किया जा सकेगा. दिल्ली, फरीदाबाद या गोल्फ कोर्स रोड से मानेसर, जयपुर या राजस्थान जाने वाले ट्रैफिक को गुरुग्राम के भीतर राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला के अंदर नहीं जाना पड़ेगा. इसके साथ ही आउटर रिंग रोड नेटवर्क भी बनेगा. द्वारका एक्सप्रेसवे, ग्रेटर SPR और पश्चिम में KMP एक्सप्रेसवे की भी इंटरनेक्टिविटी होगी. इससे गुरुग्राम और मानेसर के चारों ओर एक विशाल ट्रैफिक रिंग रोड बन जाएगा.
गुरुग्राम और मानेसर के बीच कनेक्टिविटी बढ़ी
गुरुग्राम-मानेसर सदर्न पेरिफेरल रोड से दिल्ली NCR में गुरुग्राम और मानेसर के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी. अभी सदर्न पेरिफेरल रोड गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन से चालू होकर सोहना रोड बादशाहपुर होते हुए एनएच-48 में खेड़की दौला तक जाता है. यह लगभग 16 किलोमीटर लंबा और 8 लेन वाला रूट है.इसी पर अब 8 लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का निर्माण होगा. इसके पहले चरण में खेड़की दौला से वाटिका चौक तक लगभग 5.5 किमी लंबा एलिवेटेड रोड होगा. दूसरे चरण में वाटिका चौक से घाटा गांव तक लगभग 8.84 किमी लंबा एलिवेटेड रूट होगा. सेंट्रल पेरिफेरल रोड, द्वारका एक्सप्रेसवे और NH-48 को कनेक्ट करने वाला बड़ा क्लोवरलीफ इंटरचेंज पहले ही शुरू हो चुका है. इससे एयरपोर्ट की दूरी सिर्फ 30 मिनट रह गई है.
ग्रेटर SPR: मानेसर तक नया 21 KM विस्तार
मौजूदा SPR NH-48 तक है, जबकि ग्रेटर एसपीआर आगे सीधे मानेसर इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप तक जाएगा. 21 किमी का ये रूट गुरुग्राम के सेक्टर 58 से सीधे मानेसर तक जाएगी और गुरुग्राम के लिए आउटर रिंग रोड का काम करेगी. हरियाणा में 14 गांवों की लगभग 671 एकड़ जमीन का 6000 करोड़ में भूमि अधिग्रहण हो रहा है.
साइबर सिटी मेट्रो से कनेक्टिविटी
हरियाणा सरकार के मास्टर प्लान 2031 के अनुसार मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी मेट्रो तक 36 किमी लंबी मेट्रो लाइन की भी तैयारी है. सेक्टर 56 से पूरे SPR के समानांतर पचगांव के मानेसर तक जाएगी.खेड़की दौला के पास 162 हेक्टेयर में एक विशाल अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और मेट्रो डिपो भी बनेगा. इससे फरीदाबाद और साउथ दिल्ली से मानेसर जाने वाले भारी वाहनों को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नहीं जाना पड़ेगा.खेड़की दौला और हीरो होंडा चौक का ट्रैफिक जाम खत्म होगा.मानेसर के ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग हब को दिल्ली एयरपोर्ट और फरीदाबाद इंडस्ट्रियल सेक्टर से माल ढुलाई का तेज रास्ता मिलेगा.सेक्टर 68 से सेक्टर 95 तक इलाका दिल्ली-एनसीआर का सबसे प्रीमियम आवासीय और कॉरपोरेट कॉरिडोर बन रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं