VIRAL VIDEO: भारत की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन 'विवेक एक्सप्रेस' में सफर करना आसान नहीं है. ब्रिटिश यूट्यूबर जो फैरिंगटन (Joe Farrington) ने डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी तक का यह 75 घंटे का लंबा सफर तय किया है. जो ने अपने यूट्यूब चैनल 'Joe Fazer' पर इस यात्रा का एक बेहद दिलचस्प वीडियो शेयर किया. अपने सफर में जो ने कहा कि भारत के लोग बहुत भले हैं और भारतीय सेना के एक जवान की वजह से उनका ये सफर कभी न भूलने वाला था. उन्होंने इस लंबे सफर को स्लीपर, थर्ड एसी और फर्स्ट एसी, तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटकर अनुभव किया है.
स्लीपर क्लास की गर्मी ने किया बेहाल
यूट्यूबर जो के सफर की शुरुआत स्लीपर क्लास से हुई, जो उनके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं थी. उसने अपने वीडियो में बताया कि बिना एसी के यह डिब्बा किसी भट्टी जैसा तप रहा था. गिने-चुने पंखे सिर्फ गर्म हवा फेंक रहे थे और वॉशरूम की हालत भी काफी खस्ता थी.
चलती ट्रेन के खुले दरवाजे उनके लिए किसी थ्रिलर फिल्म के सीन जैसे थे. रात में अपर बर्थ मिलने पर गर्मी दोगुनी हो गई और तड़के साढ़े तीन बजे चढ़े यात्रियों के शोर ने उनकी नींद उड़ा दी. जो ने इसे अपनी जिंदगी की सबसे खराब रातों में से एक बताया है.
नीली आंखों वाले को घूर रहे थे सहयात्री
24 घंटे के संघर्ष के बाद जो थर्ड एसी कोच में शिफ्ट हो गए, जहां की ठंडी हवा ने उन्हें बड़ी राहत दी. हालांकि यहां भी उन्हें अपनी बर्थ दूसरे यात्री के साथ शेयर करनी पड़ी, लेकिन असली किस्सा कुछ और ही था. इस कोच में जो स्थानीय यात्रियों के लिए किसी अजूबे से कम नहीं थे.
लोग उनकी नीली आंखों और सफेद बालों को बड़ी हैरानी से देख रहे थे, क्योंकि कई लोगों ने पहली बार किसी विदेशी को इतने करीब से देखा था. जो के मुताबिक यह दिखाता है कि यह ट्रेन भारत के कितने दूर-दराज के इलाकों से होकर गुजरती है.
फर्स्ट एसी में जब फौजी ने जीता दिल
आखिरी 24 घंटों के लिए जो सबसे महंगे फर्स्ट एसी कोच में पहुंचे, जहां प्राइवेसी के लिए सिर्फ एक पर्दा लगा था. यहां उनकी मुलाकात भारतीय सेना के जवान अरुण से हुई. दो दिनों से नींद न आने के कारण जो पूरी तरह टूट चुके थे.
विदेशी मेहमान की यह हालत देखकर जवान ने जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया. जवान ने जो को सोने के लिए अपनी सीट दे दी और खुद रातभर वॉशरूम के पास फर्श पर बैठे रहे. जो ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने आज तक इतने निस्वार्थ लोग कहीं नहीं देखे.
यह भी पढ़ें | ट्रेन में विदेशी यूट्यूबर को मिला 'मां का प्यार', भारतीयों की मेहमाननवाजी देख बोला- ये लोग बड़े प्यारे हैं
सेना के जवान ने सोशल मीडिया में हुई तारीफ
जो का यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. यूजर @James-btJC और @outerworld4145 ने फौजी की तारीफ करते हुए लिखा कि खुद तकलीफ सहकर मेहमान को आराम देना ही असली भारत की पहचान है. वहीं, @AnkitKumarsah-ib8zp और @DeccanWolf22 जैसे यूजर्स ने जो के महज 10 डॉलर के सस्ते बजट पर चुटकी ली है. उनका कहना है कि इतने कम पैसों में लग्जरी की उम्मीद करना गलत है और इतनी लंबी यात्रा स्लीपर में करने की हिम्मत तो खुद भारतीय भी नहीं करते. इसके अलावा @umamoon5585 और @yashkapoor30 ने वीडियो में ट्रेन से बाहर कचरा फेंकते लोगों पर नाराजगी जताई और मानसिकता बदलने की अपील की है.
यह भी पढ़ें | भारत की सबसे महंगी ट्रेन में 7 दिन तक अमेरिकी यूट्यूबर ने किया सफर, बोले- ऐसा मजा तो यूरोप में भी नहीं आया
भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन
जिस 'विवेक एक्सप्रेस' में जो ने यह सफर तय किया, वह सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि पूरे भारतीय उपमहाद्वीप की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन है. साल 2013 में स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के मौके पर शुरू हुई यह ट्रेन असम से तमिलनाडु के बीच 9 राज्यों से गुजरती है और करीब 4,189 किलोमीटर का सफर तय करती है. दुनिया के सबसे लंबे रेल रूट्स की लिस्ट में भी यह ट्रेन टॉप-25 में शामिल है और पूरे सफर के दौरान करीब 59 स्टेशनों पर रुकती है.
यह भी पढ़ें | भारतीय ट्रेन की फर्स्ट एसी प्राइवेट बर्थ में ब्रिटिश यूट्यूबर ने किया सफर, बोला- 'ये मैंने क्या देख लिया'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं