विज्ञापन

होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा छुड़ाने वाला ही निकला तस्कर! ड्रग्स और मोबाइल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार

पंजाब के होशियारपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. जेल के OAT सेंटर (नशा मुक्ति केंद्र) में तैनात कर्मचारी रजत को ड्यूटी के दौरान तलाशी में 91 ग्राम नशीला पदार्थ, 98 नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया.

होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशा छुड़ाने वाला ही निकला तस्कर! ड्रग्स और मोबाइल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार
जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
NDTV
होशियारपुर:

पंजाब की होशियारपुर सेंट्रल जेल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जेल में बंद नशे के आदी कैदियों को नशा मुक्ति के लिए दवाइयां और काउंसलिंग देने वाला कर्मचारी ही कथित तौर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई करने की तैयारी में पकड़ा गया. ड्यूटी पर जाते समय उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 91 ग्राम नशीला पदार्थ, 98 नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ.

मामले की जानकारी देते हुए थाना सिटी होशियारपुर के SHO अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को सेंट्रल जेल के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत के अनुसार, रजत पुत्र संजीव कुमार, निवासी गांव खुन-खुन कलां, थाना टांडा, जिला होशियारपुर, मेडिकल विभाग के OAT सेंटर (नशा मुक्ति केंद्र) में कर्मचारी के रूप में तैनात था. उसकी जिम्मेदारी जेल में बंद नशे के आदी कैदियों को दवाइयां उपलब्ध कराना और उनकी काउंसलिंग करना थी.

जानकारी के मुताबिक, जब रजत अपनी ड्यूटी के लिए जेल परिसर में प्रवेश कर रहा था, तब तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम और 51 ग्राम, कुल 91 ग्राम नशीला पदार्थ, 98 लाल रंग के नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

SHO अनिल कुमार के अनुसार, आरोपी अपनी ड्यूटी की आड़ में जेल के अंदर नशीले पदार्थ पहुंचाने की फिराक में था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाना सिटी में FIR नंबर 298, दिनांक 13 नवंबर 2026 दर्ज की है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20, 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि उसके पास नशीले पदार्थ कहां से आए और जेल के अंदर सप्लाई करने के पीछे कहीं कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था. पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें : 100 बीघा में पंडाल, 80 हजार मेहमान, कल्याण सिंह के पोतों की शाही सगाई; सीएम योगी भी पहुंचेंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com