विज्ञापन

राजगीर में क्रिकेट का नया अध्याय, बिहार-उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक मुकाबले से रणजी ट्रॉफी का आगाज

बिहार के राजगीर में क्रिकेट का नया इतिहास लिखा गया है. बिहार-उत्तर प्रदेश के रणजी ट्रॉफी मुकाबले से राष्ट्रीय क्रिकेट के मानचित्र पर नालंदा उभरेगा.

राजगीर में क्रिकेट का नया अध्याय, बिहार-उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक मुकाबले से रणजी ट्रॉफी का आगाज
राजगीर में क्रिकेट का नया अध्याय

बिहार के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में क्रिकेट का नया इतिहास रचा गया है. करीब 1121 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में रविवार से रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए के मुकाबले की शुरुआत हो गई है. उद्घाटन मुकाबला बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच खेला जा रहा है. बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. चार दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है.

इस ऐतिहासिक मुकाबले में बिहार की कप्तानी साकिबुल गनी कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की टीम की कमान आर्यन जुयाल के हाथों में है. मुकाबले को लेकर उस वक्त भी चर्चा तेज हो गई, जब आईपीएल स्टार और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह राजगीर पहुंचे. उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया. रिंकू सिंह की मौजूदगी ने इस मुकाबले को और खास बना दिया है.

हालांकि, राजगीर में रणजी ट्रॉफी का ऐतिहासिक मुकाबला होने के बावजूद स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम के अंदर जाकर मैच देखने का मौका नहीं मिल सका. दर्शक दीर्घा का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर दर्शकों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. वहीं, खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैच के सुचारू संचालन के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं.

राजगीर क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. इसकी प्रमुख विशेषताओं में हाइब्रिड पिच और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम शामिल हैं. ड्रेनेज सिस्टम की मदद से बारिश के बाद मैदान को जल्द खेलने योग्य बनाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. इस स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के मुकाबलों का आयोजन बिहार में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

मैच के आयोजन से स्थानीय स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा मिलने और बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है. साथ ही, राजगीर को राष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी.

नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने इस आयोजन को जिले के इतिहास में एक नया अध्याय बताया. उन्होंने कहा कि राजगीर में रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट का आयोजन बिहार के लिए गर्व की बात है. इसका श्रेय उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से राजगीर की धरती पर इतने बड़े क्रिकेट मुकाबले का आयोजन संभव हो सका है.

सांसद ने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजनों से बिहार के खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा और राज्य में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्राप्त होगा. राजगीर में रणजी ट्रॉफी का आगाज न सिर्फ नालंदा बल्कि पूरे बिहार के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. अब सबकी निगाहें बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच जारी इस मुकाबले पर टिकी हैं.

रिपोर्टर: रवि रंजन

यह भी पढ़ें: IND vs WI 3rd T20I: इंदौर में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? 4 साल पहले मिली थी आखिरी हार, जानें तमाम डिटेल

यह भी पढ़ें: इंडिया  में कहां की हैं ये वादियां? रिंकू सिंह का नया पोस्ट वायरल, जंगल के बीच दिखे खतरनाक शिकारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ranji Trophy, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com