रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीत लिया है. रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता. डिफेंडिंग चैंपियन ने रजत पाटीदार की अगुवाई में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया और इसके साथ ही पाटीदार, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के साथ लगातार दो सीजन आईपीएल चैंपियन बनने वाले कप्तान बन गए हैं. आरसीबी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में (2010 और 2011) और मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा के कप्तान रहते (2019 और 2020) में ये उपलब्धि हासिल की थी. बता दें, विराट कोहली 2013 से 2021 तक आरसीबी के कप्तान रहे थे और वो कभी भी यह अपनी अगुवाई में टीम को चैंपियन नहीं बना पाए थे.
रविवार को चैंपियन बनने के साथ ही आरसीबी सर्वाधिक आईपीएल खिताब जीतने के मामले में तीसरे नंबर पर आ गई है. मुंबई इंडियंस और सीएसके 5-5 खिताब के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. 3 खिताब के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स दूसरे और 2 खिताब के साथ आरसीबी तीसरे स्थान पर है. राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 1-1 खिताब जीते हैं. हैदराबाद ने एक खिताब 2009 में भी जीता था, लेकिन तब वह डेक्कन चार्जेस थी और उसका मालिकाना हक मौजूदा प्रबंधन के पास नहीं था.
आरसीबी दो आईपीएल खिताब एक ही वेन्यू पर जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है. आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब भी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही जीता था. मुंबई इंडियंस ने यह उपलब्धि 2 बार हासिल की है. मुंबई ने 2013 और 2015 का खिताब कोलकाता में, जबकि 2017 और 2019 का खिताब हैदराबाद में जीता था. कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2012 और 2024 का खिताब चेन्नई में जीता था.
मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जीटी ने 8 विकेट पर 155 रन बनाए. आरसीबी ने विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत 18 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीता और आईपीएल 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा किया.
यह भी पढ़ें: चैंपियन बनने पर आरसीबी पर हुई पैसों की बारिश, उपविजेता गुजरात के खाते में आए 13 करोड़, सूर्यवंशी का जलवा
यह भी पढ़ें: रोज कितना दूध पीते हैं वैभव सूर्यवंशी? रवि शास्त्री के सवाल पर मासूमियत भरा जवाब हुआ वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं