Ravi Shastri Ask Vaibhav Suryavanshi About Milk Intake: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही हर कोई वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi in IPL 2026) के इस सीजन के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था. हालांकि, वैभव ने अपनी तूफानी और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से यह साबित करके दिखाया कि पिछले साल का प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं था, बल्कि इस स्टेज पर छा जाने की काबिलियत उनके अंदर मौजूद है. 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया. वह ऑरेंज कैप को जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. वैभव ने इस सीजन एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए.
आईपीएल 2026 में वैभव की बल्लेबाजी में परिपक्वता नजर आई. उन्होंने इस सीजन सूझबूझ से बल्लेबाजी की और हर गेंद को सिर्फ बाउंड्री के पार पहुंचाने की होड़ में नहीं रहे. उन्होंने मुश्किल हालातों में राजस्थान रॉयल्स की लड़खड़ाती हुई पारी को भी कई बार संभाला, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में देखने को मिला. वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में 47 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली.
कल रात आईपीएल की क्लोजिंग सेरेमनी में जब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी स्टेज पर एक के बाद एक 5 ट्रॉफियां उठाने गए, तो वहां खड़े रवि शास्त्री भी हैरान रह गए. वैभव के लंबे-लंबे छक्के और बैटिंग का पावर देखकर शास्त्री जी इतने उत्सुक हो गए कि उन्होंने लाइव स्टेज पर ही मजाकिया अंदाज में पूछ लिया "भैया, रोज कितना दूध पीते हो तुम?
Funny conversations between Ravi Shastri and Vaibhav Suryavanshi 😂✨ pic.twitter.com/FmY2TpPr5g
— Shin Kohli (@Shinkohli) May 31, 2026
"शास्त्री जी असल में यह जानना चाह रहे थे कि इतनी कम उम्र में गेंद को बाउंड्री पार टांगने की इतनी ताकत इस लड़के में कहां से आती है. यह मजेदार सवाल सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे. खुद वैभव भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके, लेकिन उन्होंने बिना झिझके बड़े ही मासूम ढंग से जवाब दिया "सर, मैं अब दूध पीता ही नहीं हूं!"
वैभव की यह हाजिरजवाबी और सादगी अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. फैंस को वैभव की बैटिंग टाइमिंग तो पसंद आई ही थी, अब रवि शास्त्री के सामने उनकी बातचीत की टाइमिंग भी लोगों का दिल जीत रही है.
वैभव ने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी, एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया. वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं. वैभव आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने. वह पावरप्ले में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा.
वैभव ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के लगाए. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए आईपीएल प्लेऑफ में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. वैभव आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी भी बने.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं