विज्ञापन

'IPL का मुकाबला नहीं कर सकते...', PSL फ्रेंचाइजी क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक का बड़ा बयान

पिछले सीजन आईपीएल और पीएसएल की तारीखें आापस में टकराई थीं, ऐसे में कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सुपर लीग का साथ छोड़ आईपीएल में खेलना चुना था.

'IPL का मुकाबला नहीं कर सकते...', PSL फ्रेंचाइजी क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक का बड़ा बयान
PSL फ्रेंचाइजी क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक का बड़ा बयान

पाकिस्तान सुपर लीग  फ्रेंचाइजी 'क्वेटा ग्लैडिएटर्स' के मालिक नदीम उमर फ्रेंचाइजी में मालिकाना हक बेचना चाहते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि व्यावसायिक तौर पर पीएसएल, इंडियन प्रीमियर लीग का मुकाबला करने में विफल रही है. बीते दो सीजन से पाकिस्तान सुपर लीग और इंडियन प्रीमियर लीग की तारीखें टकरा रहा हैं. ऐसे में ना सिर्फ फैंस बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी पीएसएल का साथ छोड़, आईपीएल चुनते हैं. ऐसे में उमर का मानना है कि पाकिस्तान की यह T20 लीग, IPL का मुकाबला नहीं कर सकती.


न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उमर ने कहा,"मुझे लगता है कि अब PSL को अलविदा कहने का सही समय आ गया है. अगर हमें कोई अच्छा ऑफर मिलता है और हमारी कुछ शर्तें मान ली जाती हैं, तो हम 'क्वेटा ग्लैडिएटर्स' फ्रेंचाइजी को बेचने के लिए तैयार हैं."

कराची सिटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष का भी मानना ​​है कि IPL से मुकाबला करने की कोशिश करना एक गलती थी. उन्होंने आगे कहा,"हम IPL या उनके मार्केट का मुकाबला नहीं कर सकते. उनके मुकाबले हमारा मार्केट बहुत सीमित है. दुर्भाग्य से, हमारे पास ऐसे स्पॉन्सर और कमर्शियल कंपनियां नहीं हैं जो PSL में उतना पैसा लगा सकें, जितना IPL में लगाया जाता है."

उमर ने IPL में अलग-अलग स्रोतों से आने वाले पैसे (कैश फ्लो) का भी जिक्र करते हुए कहा,"IPL में मर्चेंडाइजिंग बहुत बड़े स्तर पर होती है. इसके अलावा, होम और अवे मैचों की टिकट बिक्री से भी फ्रेंचाइजियों को अच्छी कमाई होती है, जो उनके ब्रॉडकास्टिंग शेयर के अलावा है."उन्होंने कहा,"पाकिस्तान में मर्चेंडाइजिंग मुमकिन ही नहीं है. हम 1000 पाकिस्तानी रुपये में एक ऑफिशियल शर्ट निकालते हैं, लेकिन बाजार में उसी की कॉपी 200 रुपये में बिकने लगती है. इससे हमारी कमाई का एक बड़ा जरिया खत्म हो जाता है."

उमर ने माना कि PSL, IPL की तरह मुनाफे का कोई बड़ा या स्थिर जरिया नहीं है. उन्होंने आगे कहा,"बस IPL की टीमों की वैल्यू को ही देख लीजिए, फिर समझ आ जाएगा कि कोई मुकाबला ही नहीं है."

अगर उमर अपनी इस योजना पर आगे बढ़ते हैं, तो 'मुल्तान सुल्तान्स' के बाद यह PSL की दूसरी ऐसी टीम होगी, जिसके मालिक बदलेंगे. उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि 'क्वेटा ग्लैडिएटर्स' को हम जितनी सफलता दिला सकते थे, उतनी नहीं दिला पाए. पिछले सात सालों से हमें लगातार नुकसान ही हुआ है." उन्होंने कहा, "मेरे पास कई योजनाएं थीं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम उन सभी को पूरा कर पाए."

क्वेटा ने चार बार PSL का फाइनल खेला है और एक बार ट्रॉफी जीती है. नदीम ने कहा कि यह उनके लिए काफी निराशा की बात रही. "मैंने इस टीम को सिर्फ एक बिज़नेस के तौर पर नहीं खरीदा था. मैं पाकिस्तान क्रिकेट के लिए भी कुछ करना चाहता था. मैं चाहता था कि क्वेटा में मैच हों. मैं बलूचिस्तान के खिलाड़ियों को मौका देना चाहता था. कई कारणों से ऐसा नहीं हो पाया."

उन्होंने आगे कहा,"दुर्भाग्य से, मुझे लगता है कि कई मायनों में यह लीग हमारे लिए बहुत बड़ी हो गई है. मुझे लगता है कि इसे अपने दायरे में ही रहना चाहिए था. टीमों पर अब जो पैसा खर्च किया जा रहा है, उसे समझना मेरे लिए मुश्किल है."

उन्होंने कहा कि PSL की ब्रांडिंग और लोकप्रियता इसके प्रतिस्पर्धी क्रिकेट और साफ-सुथरे वित्तीय मामलों की वजह से बनी है. उमर ने कहा कि IPL में शामिल भारी-भरकम पैसों की वजह से सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वहां खेलना चाहते हैं."मेरा मानना ​​है कि हमारे पास मौजूद सीमित संसाधनों को देखते हुए, हमें अपनी शुरुआती सफलता के कारकों पर ही ध्यान देना चाहिए था."

जब उनसे पूछा गया कि अंतरराष्ट्रीय लीगों के बढ़ते बाज़ार में वह PSL को कहाँ देखते हैं, तो उन्होंने कहा कि आज भी यह लीग टॉप तीन में तो जरूर आएगी.उमर ने यह भी माना कि 2016 में जब PSL की शुरुआत हुई थी, तब उन्होंने सबसे कम बोली (1.1 मिलियन डॉलर सालाना) लगाकर क्वेटा फ्रेंचाइजी खरीदी थी, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से चीज़ों को मैनेज करने में मदद मिली.

यह भी पढ़ें: PAK को हराकर लौटे लक्ष्य राय के ऑटोग्राफ के ल‍िए उमड़ा पूरा शहर, AIMS इंटर कॉलेज में लगा मेला, देखें VIDEO

यह भी पढ़ें: IPL से संन्यास के बाद कर क्या रहे हैं धोनी? Video आया सामने, फैन बोला- उनकी राइडिंग देखिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPL 2027, Pakistan Super League, Cricket, Quetta Gladiators
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com