पूर्व भारतीय स्पिनर और मौजूदा चयन समीति के सदस्य प्रज्ञान ओझा भारतीय पुरुष टीम के चीफ सेलेक्टर बनने की दौड़ में सबसे आगे है. सूत्रों ने शनिवार को NDTV को बताया कि अजीत अगरकर के हटने के बाद अंतरिम तौर पर चयन समिति की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रज्ञान ओझा को अब पूर्णकालिक अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है, बस आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. NDTV को यह भी पता चला है कि पूर्व स्पिनर रमेश पोवार भी चयन समिति में शामिल होंगे. वे वेस्ट ज़ोन से चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर की जगह लेंगे. अन्य चयनकर्ताओं में शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह शामिल हैं.
प्रज्ञान, पार्थिव पटेल के साथ अगरकर की जगह लेने के दावेदारों में से एक थे. लेकिन पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इस पद के लिए आवेदन ही नहीं किया, जिससे प्रज्ञान की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया. साउथ ज़ोन के प्रतिनिधि ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं.
मौजूदा चयनकर्ताओं की तुलना में उनके ज़्यादा टेस्ट मैच खेलने की वजह से उनकी दावेदारी और मज़बूत हो गई. अन्य उम्मीदवारों में, केवल वसीम जाफ़र (31) ने ही प्रज्ञान से ज़्यादा टेस्ट मैच खेले थे। वहीं, ऐसी पूरी उम्मीद थी कि पवार जूनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन बनेंगे.
NDTV के सूत्रों के अनुसार, पवार वेस्ट ज़ोन के प्रतिनिधि के तौर पर पुरुष चयन समिति में शामिल होंगे. पवार ने दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं, इससे पहले दो बार भारतीय महिला टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं.
पूर्व स्पिनर डोडा गणेश, जिन्होंने भारत के लिए एक टेस्ट और चार वनडे मैच खेले हैं, जूनियर पुरुष चयन समिति के प्रमुख होंगे. पूर्व घरेलू क्रिकेटर अर्जुन यादव भी इस पद के दावेदारों में से एक थे. अरुण शर्मा (जम्मू-कश्मीर), एल. पवार (गुजरात), दीप बोरा (असम) और पंकज सिंह (राजस्थान) जूनियर टीम के अन्य चयनकर्ता हो सकते हैं.
इस बीच, बीसीसीआई ने शुक्रवार को न्यजीलैंड के खिलाफ वनडे और टेस्ट मैचों के लिए टीमों की घोषणा कर दी. भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के दौरे पर पांच T20I, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी. गौरतलब है कि सबसे छोटे फॉर्मेट के लिए टीम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है.
पहले तीन वनडे मैचों में शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि अगले दो मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तानी की ज़िम्मेदारी संभालेंगे, क्योंकि गिल उस दौरान आराम करेंगे और टेस्ट मैचों के लिए तैयारी करेंगे. वनडे सीरीज 4 से 15 नवंबर तक चलेगी, जबकि टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होगी.
यह भी पढ़ें: 'लोग निराश हैं, हमारे ऊपर बहुत दबाव है...' फखर जमान ने बताई पाकिस्तान टीम की सबसे बड़ी परेशानी
यह भी पढ़ें: IPL 2027 ऑक्शन की तारीख तय! BCCI ने फ्रेंचाइजी को किया अलर्ट, गोवा में सजेगा नीलामी मंच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं