Punjab Kings vs Delhi Capitals IPL 2026: धर्मशाला में जब पंजाब किंग्स मैदान पर उतरेगी तो उसकी नजरें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज करके प्लेऑफ की तरफ एक कदम बढ़ाना होगा. अगर पंजाब आज जीती तो वह अंक तालिका में टॉप पर पहुंच जाएगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स नॉकआउट की रेस से बाहर होने वाली तीसरी टीम बनेगी. जब राजस्थान ने पंजाब किंग्स का विजयी रथ रोका था, तब हेड कोच रिकी पोंटिंग ने यह कहकर ड्रेसिंग रूम में विश्वास पैदा करने का प्रयास किया था कि टीम अभी भी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हैं. 6 मैच जीतने के बाद पंजाब काफी मजबूत नजर आ रही थी. लेकिन रिकी पोंटिंग के उस बयान के बाद से टीम दो मैच और हार चुकी है और अब अंक तालिका में चौथे स्थान पर है.
राजस्थान के खिलाफ टीम 200 से अधिक का स्कोर करके भी डिफेंड नहीं कर पाई. जबकि गुजरात के खिलाफ टीम 163 रन ही बना पाई थी. जबकि हैदराबाद के खिलाफ 236 का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई. पंजाब की समस्या उसकी गेंदबाजी तो है कि उसकी फील्डिंग भी काफी खराब है. पंजाब इस सीजन 16 कैच टपका चुकी है. हालांकि, टीम की बल्लेबाजी अभी भी मजबूत है और टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर तक, हर कोई रन बना रहा है.
दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स है, जिस पर पर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. 11 मुकाबलों में सिर्फ 4 जीत के साथ, कैपिटल्स पूरे सीजन में अपनी निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष करती नजर आई है. भले ही दिल्ली अपने बाकी बचे सभी मैच जीत ले, ये टीम ज्यादा से ज्यादा 14 अंकों तक ही पहुंच सकेगी, जिससे उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें बहुत कम रह जाएंगी.
दिल्ली अपने पिछले 6 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत ही हासिल कर पाई है, उनके हालिया खराब प्रदर्शन ने इस अहम मुकाबले से पहले टीम के आत्मविश्वास को यकीनन कमजोर किया होगा. केएल राहुल और मिचेल स्टार्क के अलावा दिल्ली के लिए इस सीजन कुछ भी अच्छा नहीं गया है.
ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 36 मैच खेले गए हैं, जिसमें 17 मुकाबले डीसी ने अपने नाम किए, जबकि 18 मैच पीबीकेएस ने जीते. इस बीच 1 मैच बेनतीजा रहा.
क्या असर दिखाएगी पिच
2023 की शुरुआत से, धर्मशाला में खेले गए पांच IPL मैचों में से चार में पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है. इसलिए टॉस जीतने के बाद पहले बॉलिंग करना उतना आसान नहीं होगा. शाम को तापमान लगभग 14 डिग्री रहने का अनुमान है. ओवरकास्ट कंडिशन में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है. मैच हाई स्कोरिंग होने की उम्मीद है. पहली पारी का औसत स्कोर 209 का है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XII
पंजाब किंग्स प्लेइंग XII: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जेनसन, हरप्रीत बराड़/विजयकुमार वैशाख, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
दिल्ली कैपिटल्स प्लेइंग XII: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेट कीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, अजय मंडल/औकिब नबी, मिशेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Playoffs Scenario: MI, LSG बाहर, तीन टीमों के 14 अंक, दो के 12...रोमांचक हो रही प्लेऑफ की जंग, ऐसा है समीकरण
यह भी पढ़ें: IPL 2026: रविचंद्रन अश्विन की मांग, 36 साल के इस दिग्गज की हो टीम इंडिया में वापसी, बरपा रहा कहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं