- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के पास कुल 648.85 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें चल और अचल संपत्ति शामिल है
- विजय तमिलनाडु के दूसरे सबसे अमीर विधायक हैं और देश के दूसरे सबसे रईस मुख्यमंत्री भी हैं
- विजय के पास 330.48 करोड़ रुपये बैंक में जमा, 7 गाड़ियां, 6.47 करोड़ के सोने-चांदी के गहने भी हैं
तमिनलाडु के नए मुख्यमंत्री विजय के पास 648 करोड़ रुपये की संपत्ति हैं. वह तमिलनाडु के दूसरे सबसे अमीर विधायक हैं. इतना ही नहीं, विजय देश के दूसरे सबसे रईस मुख्यमंत्री भी हैं. पहले नंबर पर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनके पास 931 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की संपत्ति है.
बात तमिलनाडु की करें तो यहां सबसे अमीर विधायक लीमा रोज मार्टिन हैं. उनके पास 5,863 करोड़ रुपये की संपत्ति है. लीमा रोज मार्टिन लालगुड़ी सीट से AIADMK की विधायक हैं. दूसरे नंबर पर विजय हैं. तीसरे नंबर पर विजय की ही टीवीके की पार्टी के विधायक आधव अर्जुन हैं, जिनके पास 534 करोड़ रुपये की संपत्ति है.
विजय के पास संपत्ति में क्या-क्या?
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, विजय के पास कुल 648.85 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें 426.20 करोड़ की चल और 222.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. विजय के ऊपर 7.63 करोड़ रुपये की देनदारी है.
विजय ने 330.48 करोड़ रुपये बैंक में जमा कर रखे हैं. 19.37 लाख रुपये के शेयर हैं. 75.50 करोड़ रुपये से ज्यादा का उन्होंने कर्ज देकर रखा है. इतना ही नहीं, विजय के पास 13.52 करोड़ रुपये से ज्यादा की 7 गाड़ियां हैं. उनके कलेक्शन में सबसे महंगी कार Tata Caravan हैं, जिसकी कीमत 6 करोड़ रुपये से ज्यादा है. उनके पास 6.47 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने हैं.
उनके पास 222 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति है, जिसमें 117 करोड़ की तो सिर्फ बंगले हैं. विजय के नाम पर 10 और उनकी पत्नी के नाम पर 1 बंगला है. इसके अलावा 82.81 करोड़ रुपये की कमर्शियल बिल्डिंग है. उनके पास 22 करोड़ की जमीन के साथ-साथ 20 लाख रुपये की खेती की जमीन भी है.
यह भी पढ़ेंः विजय को मिला खाली खजाना! '10 लाख करोड़ के कर्ज' पर भड़के स्टालिन... कितना कर्जदार है तमिलनाडु?

चंद्रबाबू नायडू हैं सबसे अमीर सीएम
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर सीएम हैं. उनके पास 931.83 करोड़ रुपये की संपत्ति है. चंद्रबाबू नायडू के ऊपर 10.38 करोड़ की उधारी है. नायडू के पास 810.42 करोड़ रुपये के पास चल और 121.41 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है.
2024 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में चंद्रबाबू नायडू ने बताया था कि उनके पास 767.44 करोड़ रुपये के शेयर या बॉन्ड हैं. उनके पास 3.24 करोड़ की ज्वैलरी है.
इसके अलावा, चंद्रबाबू नायडू के पास 55 करोड़ रुपये की खेती की जमीन भी है. 77.33 लाख रुपये का प्लॉट है. 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमर्शियल बिल्डिंग है. 35.53 करोड़ रुपये के दो बंगले हैं.
यह भी पढ़ेंः सरकारी फाइल पर साइन, पेरियार स्मारक का दौरा और दो विवाद... CM के रूप में विजय का पहला दिन कैसा रहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं