पिछले दिनों मुंबई के पूर्व कप्तान और टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अगले आईपीएल सीजन के लिए पंजाब किंग्स से जुड़े, तो अब कोच रिकी पोंटिंग ने उनका स्वागत किया है. पोंटिंग का मानना है कि हरफनमौला हार्दिक पंड्या के आने से पंजाब किंग्स को अपनी सभी कमजोरियों को दूर करने में मदद मिली है. इससे फ्रेंचाइजी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 चरण से पहले संतुलित ‘ऑलराउंड टीम' बन गई है. पंड्या मुंबई इंडियंस से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले ‘ट्रेड' (अदला बदली) के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं.
पोंटिंग ने ‘जियोस्टार' से बातचीत में कहा, 'मैंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि अगले साल होने वाली मेगा नीलामी से पहले तीन साल के इस चक्र में हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एक साथ बने रहें. इसलिए हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को ‘रिलीज' करने और 19 खिलाड़ियों को बरकरार रखने का फैसला किया है.' पोंटिंग ने बताया कि 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े पंड्या ने टीम को किस तरह मजबूती दी है।
उन्होंने कहा, 'हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है. अब हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है. हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, अब इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है.' उन्होंने कहा, ‘पंड्या के आने के साथ हमारे पास काफी सारे ऑलराउंडर मार्को यानसेन, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, (सूर्यांश) शेडगे, शशांक सिंह और कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं. लेकिन इससे हमें काफी फायदा होगा. स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हों या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर, हमने लगभग हर विभाग को कवर कर लिया है.'
वहीं, राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने शिमरोन हेटमायर को रिलीज करने का फैसला करने के बारे में बात करते हुए कहा, ‘'वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी की बल्लेबाजी क्रम में अलग स्थान पर खेलने की इच्छा थी. ‘हमें हेट्टी (हेटमायर) को रिलीज करना पड़ा. पिछले डेढ़ साल से हेट्टी की इच्छा किसी दूसरे बल्लेबाजी क्रम पर खेलने की रही है. इसमें कोई शक नहीं कि वह अब भी एक शानदार खिलाड़ी हैं.' संगकारा ने कहा, ‘लेकिन नीलामी में अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को खरीदने के लिए पर्याप्त पैसा जुटाना और टीम को जरूरी लचीलापन देना भी अहम था. इसलिए यह फैसला लेना जरूरी हो गया था. हम ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहते थे. यह हमारे लिए काफी मुश्किल फैसला था.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं