लीड्स के हेडिंग्ले में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. बारिश से बाधित इस मुकाबले में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कहर बरपाया. ओली रॉबिन्सन और जोश टंग की लहराती गेंदों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया. मेहमान टीम पहली पारी में 171 पर सिमट गई. ओवरकास्ट कंडीशन में गेंद हरकत कर रही थी, जिसके सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई. छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके. अब्दुल्ला शफ़ीक़ और इमाम उल हक किसी तरह क्रीज पर डटे रहे, लेकिन अगर इनकी पारी हटा दें तो पाक 80 का स्कोर पार नहीं कर पाती.
ओली रॉबिन्सन ने 18 ओवर फेंके और 51 रन देते हुए 5 विकेट निकाले. जबकि जोश टंग ने 9.1 ओवर में 46 रन देकर 5 शिकार किए. इन दोनों ही गेंदबाजों ने पूरी पाकिस्तानी पारी समेट दी. ऐसा करके दोनों ने एक खास कारनामा भी किया. ओली रॉबिन्सन और जोश टंग पाकिस्तान के खिलाफ़ एक ही पारी में पांच-पांच विकेट लेने वाली इंग्लैंड की पहली तेज गेंदबाजों की जोड़ी बन गई.
वहीं इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास में यह 11वां मौका है, जब दो तेज गेंदबाजों ने एक ही पारी में 5-5 विकेट निकाले हो, जबकि 1998 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है. वहीं यह पाकिस्तान के इतिहास का चौथा मौका है, जब उनके खिलाफ किसी टीम के दो तेज गेंदबाजों ने एक ही पारी में पंजा लगाया हो. पाक के खिलाफ आखिरी बार ऐसा 2006 में हुआ था.
पाकिस्तान के लिए पहली पारी में अब्दुल्ला शफ़ीक़ ने 61 रन बनाए, जबकि इमाम उल हक ने 42 रनों का योदगान दिया.दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई. इसके बाद पाकिस्तान की दूसरी बड़ी साझेदारी मोहम्मद रिज़वान और सलमान आगा के बीच 32 रनों की हुई.
दो विकेट गिरने के बाद अब्दुल्ला शफीक और इमाम-उल-हक ने संभलकर बल्लेबाजी की. दोनों ने धीरे-धीरे लय हासिल की और रन गति बढ़ाई. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़े. लेकिन इमाम जोश टंग की बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में दूसरी स्लिप में कैच दे बैठे. वह 42 रन बनाकर आउट हुए और पवेलियन लौटते समय खुद से नाराज नजर आए.
ओली रॉबिन्सन का यह जून के बाद पहला टेस्ट है.उन्होंने इससे पहले दो साल के अंतराल के बाद वापसी वाले टेस्ट में लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट लिए थे. रॉबिन्सन ने पाकिस्तान के शीर्ष पांच में से चार बल्लेबाजों को आउट किया.
इंग्लैंड के चार तेज गेंदबाजों के आक्रमण का हिस्सा रॉबिन्सन ने शानदार शुरुआत की. उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर अजान अवैस को विकेट के चारों ओर से अंदर आती गेंद पर फंसाकर बोल्ड किया. इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी का छोर बदलकर शान मसूद को ड्राइव खेलने के प्रयास में एलबीडब्ल्यू आउट किया. मैच में केवल 9.4 ओवर हुए थे कि बारिश के कारण दो घंटे का खेल रोकना पड़ा.
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ 165 रनों से मिली हार, फिर भी इस बात से खुश हैं श्रीलंकाई कोच, मैच के बाद बताई वजह
यह भी पढ़ें: BWF World Championships: लक्ष्य सेन उलटफेर का शिकार, दूसरे राउंड में गैरेट टैन ने हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं