बीते दो सालों से पाकिस्तान सुपर लीग और इंडिया प्रीमियर लीग की तारीखों में टकराव हो रहा है. 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और 2025 में चैंपियंस लीग के आयोजन के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पीएसएल का आयोजन अप्रैल-मई में किया. इसका खामियाजा भी पाकिस्तान को भुगतना पड़ा क्योंकि कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पीएसएल को छोड़कर आईपीएल को चुना. वहीं इससे घबराए पाकिस्तान ने पीएसएल के लिए नई विंडो तलाशनी शुरू कर दी है. हाल ही में लंदन में पीएसएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक हुई थी, जिसमें जनवरी में टूर्नामेंट के आयोजन का प्रस्ताव दिया गया.
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, अगले साल की शुरुआत में पीएसएल कराने का प्रस्ताव 'वाली टेक्नोलॉजीज' ने दिया, जिसके पास टूर्नामेंट के मीडिया राइट्स हैं. पाकिस्तान में 2029 तक पीएसएल के ब्रॉडकास्ट और डिजिटल अधिकार 'वाली टेक्नोलॉजीज़' के पास हैं और उनके पास 2026 के एडिशन के लिए इंटरनेशनल मीडिया अधिकार भी थे. वे 'रावलपिंडीज' के मालिक भी हैं, जो इस साल छह टीमों में जोड़ी गई दो नई फ्रेंचाइजी में से एक है.
ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि अप्रैल-मई के समय में विज्ञापन से होने वाली कमाई कम होती है. यह समय रमजान के बाद आता है, जब कंपनियां अपना मार्केटिंग और टीवी विज्ञापन का बजट खर्च कर चुकी होती हैं. हालांकि, फ्रेंचाइजी मालिकों को ब्रॉडकास्ट से होने वाली कमाई के भुगतान को लेकर चिंता है. उन्हें पूरी रकम चाहिए, चाहे टूर्नामेंट किसी भी समय हो. साथ ही, टीवी राइट्स से उम्मीद के मुताबिक कमाई न होने के कारण 'वाली' के विज्ञापन बजट की स्थिति को लेकर भी चिंता है.
फ्रेंचाइजी के साथ पीएसएल के समझौते के तहत, आठ टीमों को सेंट्रल रेवेन्यू पूल से ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू का 95 प्रतिशत हिस्सा मिलता है. पीएसएल के पहले नौ सीजन - 2016 से 2024 तक, फरवरी-मार्च के समय में खेले गए थे. पिछले दो सीजन में लीग को अप्रैल और मई तक टालना पड़ा था. अगर पाकिस्तान जनवरी में पीएसएल का आयोजन करता है तो विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता की समस्या फिर से सामने आ सकती है. क्योंकि पीएसएल को इंटरनेशनल खिलाड़ियों के लिए एसए20 और बीबीएल से मुकाबला करना होगा.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए लॉजिस्टिकल चुनौतियां भी होंगी, क्योंकि जनवरी और फरवरी में पंजाब के हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ती है, जहां PSL के चार पारंपरिक वेन्यू में से तीन - लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी - स्थित हैं. पंजाब में सूरज ढलने के बाद तापमान सिंगल डिजिट (10 से कम) में आ सकता है और कोहरे के कारण विज़िबिलिटी पर भी बुरा असर पड़ सकता है. यह प्रस्ताव दिया गया था कि टूर्नामेंट कराची से शुरू किया जा सकता है, जहाँ सर्दियों में मौसम ठीक रहता है, और जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़े और ठंड कम हो, इसे पंजाब और पेशावर ले जाया जा सकता है.
बता दें, पाकिस्तान के पास नवंबर के बीच से मार्च तक का समय खाली है. इस दौरान कोई घरेलू या विदेशी सीरीज तय नहीं है. वे अक्टूबर और नवंबर में श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी करेंगे और मार्च में न्यूजीलैंड के साथ दो टेस्ट मैच खेलेंगे. यह इस साइकल में उनका आखिरी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप असाइनमेंट होगा.
यह भी पढ़ें: बार-बार शुभमन गिल को चुन रहे थे सहवाग के बेटे, तभी आया एक नाम और पलट गया खेल
यह भी पढ़ें: पिता के किराने की दुकान, मां को नौकरी की चिंता, बेटे ने रच दिया इतिहास! 17 साल के प्रेम राज ने तोड़ा रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं