विज्ञापन

ईशान का शतक, मोहन, ईश्वरन, कुशाग्र, वैभव ने भी दिखाया दम, पहले दिन ही उड़ गया साउथ जोन का होश

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है. खेल रोके जाने तक ईस्ट जोन की टीम ने 79 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 385 रन है.

ईशान का शतक, मोहन, ईश्वरन, कुशाग्र, वैभव ने भी दिखाया दम, पहले दिन ही उड़ गया साउथ जोन का होश
ईशान किशन

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला आज (छह सितंबर 2026) से ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्‍नई में खेला जा रहा है. जहां टूर्नामेंट का पहला दिन ईस्ट जोन के नाम रहा. स्टंप घोषित होने तक ईस्ट जोन का स्कोर 79 ओवरों की समाप्ति के बाद चार विकेट के नुकसान पर 385 रन है. कैप्टन ईशान किशन 135 गेंद में 111 और कुमार कुशाग्र 75 गेंद में 63 रन बनाकर नाबाद हैं. आउट होने वाले खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन (72), वैभव सूर्यवंशी (44), शिखर मोहन (85) और सुदीप कुमार घरामी (06) हैं. विपक्षी टीम की तरफ से पहले दिन केवल दो गेंदबाज ही विकेट चटका पाए. जिसमें चामा मिलिंद और त्रिपुराणा विजय का नाम शामिल है. मिलिंद ने वैभव सूर्यवंशी और शिखर मोहन को अपने जाल में फंसाया, जबकि त्रिपुराणा विजय के शिकार सुदीप कुमार घरामी बने. अभिमन्यु ईश्वरन को पड़िक्कल और जगदीशन ने शानदार जुगलबंदी के साथ रन आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया. 

खूब चला ईशान किशन का बल्ला 

फाइनल मुकाबले के पहले दिन के आकर्षण के केंद्र ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन रहे. टीम के लिए पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 135 गेंदों का सामना किया. इस बीच 82.22 की स्ट्राइक रेट से वह नाबाद 111 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को कुल 14 चौके और एक बेहतरीन छक्का देखने को मिला. उनके चाहने वालों को उम्मीद है कि दूसरे दिन भी उनका बल्ला खूब चलेगा और टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जुटाएंगे. 

शिखर मोहन, अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र और वैभव सूर्यवंशी ने भी जीता दिल 

किशन ही नहीं पहले दिन शिखर मोहन, अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र और वैभव सूर्यवंशी का बल्ला भी खूब चला. शिखर मोहन (85), अभिमन्यु ईश्वरन (72) और कुमार कुशाग्र (नाबाद 63) तो अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. मगर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अर्धशतक से महज छह रनों से चूक गए. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल 37 गेंदों का सामना किया. इस बीच 118.91 की स्ट्राइक रेट से वह 44 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से पांच चौके और एक छक्का देखने को मिला. 

सुदीप कुमार घरामी ने किया निराश 

पहले दिन ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का जलवा रहा. मगर सुदीप कुमार घरामी पहली पारी में कुछ खास जलवा बिखेरने में नाकामयाब रहे. टीम के लिए उन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 25 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह केवल छह रन ही बना पाए. 

मोहम्मद सिराज को नहीं मिली कोई सफलता 

साउथ जोन की तरफ से शिरकत कर रहे टीम इंडिया के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज को पहले दिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. टीम के लिए उन्होंने कुल 14 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच वह एक भी विकेट नहीं चटका पाए. साउथ जोन की तरफ से जिन दो गेंदबाजों ने सफलता प्राप्त की. उसमें चामा मिलिंद और त्रिपुराणा विजय का नाम शामिल है. 

यह भी पढ़ें- ईशान किशन का नया माइलस्टोन, रिकॉर्ड के साथ बढ़ा दी गंभीर-अगरकर की टेंशन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ishan Pranav Kumar Pandey Kishan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com