प्रेम राज ने 15 साल की उम्र में लॉन्ग जंप की प्रैक्टिस शुरू की थी और महज दो सालों में इस 17 साल के युवा स्टार ने भारतीय दिग्गज मुरली श्रीशंकर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर सनसनी मचा दी. प्रेम राज के कोच को उम्मीद है कि वह बहुत आगे जाएंगे, लेकिन उनके माता-पिता को बेटे की नौकरी की चिंता है. वहीं बेटे को यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगता कि वह ट्रेनिंग कर रहे हैं, जबकि माता-पिता को काम करना पड़ता है, फिर भी वह लॉन्ग जंप में अच्छा करना चाहते हैं और उनको गर्व महसूस कराना चाहता हैं.
बिहार के गया जिले के टेकारी का रहने वाले 17 साल के प्रेम राज जब 15 साल के थे, तब गांव के एक मैदान में उन्होंने स्थानीय एथलीट्स को प्रैक्टिस करते देखा, जिसने उन्हें इस खेल में अपना करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया. बाद में वह पटना चले गए, जहां उसने मुकेश कुमार सिंह की देखरेख में ट्रेनिंग ली. इसके बाद वह राजगीर और फिर पटियाला गए. इसी सफर की बदौलत आज उसके नाम नेशनल यूथ मीट का रिकॉर्ड दर्ज है.
प्रेम ने 21वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन अपने अंतिम प्रयास में ऐसी छलांग लगाई कि पूरे बिहार के खेमे में खुशी छा गई. प्रेमराज ने 7.58 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया मीट रिकॉर्ड कायम कर दिया.
प्रेमराज के लिए फाइनल का मुकाबला आसान नहीं था. शुरुआती प्रयासों में वह रिकॉर्ड की दौड़ में निर्णायक बढ़त नहीं बना सके. लेकिन पांचवें और अंतिम प्रयास में उन्होंने 7.58 मीटर की छलांग लगाई और पूरा मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस छलांग के साथ प्रेमराज ने प्रतियोगिता का पिछला 7.49 मीटर का मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया.
यह रिकॉर्ड राष्ट्रीय सीनियर रिकॉर्डधारी मुरली श्रीशंकर ने 2016 में बनाया था. हालांकि यूथ नेशनल का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अभी भी शाहनवाज के नाम 8.04 मीटर दर्ज है. प्रेमराज ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन में भी अपना दम दिखाया था. उन्होंने 6.96 मीटर की छलांग लगाकर क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया था.
Prem wins Gold and sets a new Meet Record in the Boys' Long Jump at the 21st National Youth Athletics Championships! 🥇👏#IndianAthletics #AFI pic.twitter.com/6mS6fgcl1o
— Athletics Federation of India (@afiindia) September 3, 2026
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस असाधारण प्रदर्शन के बाद इस युवा सनसनी ने कहा,"यह रिकॉर्ड 10 साल से कायम था, इसलिए इसे तोड़ना एक बड़ी उपलब्धि है. मुझे लगता है कि हर एथलीट की सोच कुछ अच्छा करने की होनी चाहिए, और मुझे बहुत खुशी है कि मैं ऐसा कर पाया."
उनके मौजूदा कोच, विवेक कुमार, प्रेम के प्रदर्शन में लगातार हो रहे सुधार से खुश हैं. पटियाला में ट्रेनिंग शुरू करने के बाद से, प्रेम ने लगभग 6.90 मीटर से 7.50 मीटर की रेंज तक तरक्की की है. लेकिन विवेक का मानना है कि उनकी क्षमता मौजूदा दूरी से कहीं ज़्यादा है.
प्रेम के कोच विवेक ने बताया,"उनका रनवे बहुत स्मूद है. आपको पता भी नहीं चलता कि वह टेक-ऑफ की ओर दौड़ रहे हैं. उनकी दौड़ में एक लय होती है, और वह उस रफ्तार को जंप में बहुत अच्छे से बदल पाते हैं."
लगभग 1.73 मीटर की लंबाई के साथ, प्रेम लॉन्ग जंपर के हिसाब से बहुत लंबे नहीं हैं, लेकिन विवेक का मानना है कि उनके शरीर का अनुपात उनके पक्ष में काम करता है. प्रेम के कोच ने आगे बताया,"वह अभी युवा हैं और उनमें और बढ़ने की गुंजाइश है. उनके पैरों की लंबाई अच्छी है, और हमारे इवेंट के लिए यह एक ज़रूरी बात है."

वो जंप जिसने दिलाया प्रेम राज को मेडल
Photo Credit: X@afiindia
उनका यह भी मानना है कि तकनीकी निर्देशों को समझने और उन्हें अमल में लाने की प्रेम की क्षमता उनकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है. यह जंप 2026 यूथ ओलंपिक्स (जो सेनेगल में 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक होने वाले हैं) के लिए प्रेम के सिलेक्शन की दावेदारी को भी मजबूत कर सकती है.
प्रेम भले ही लॉन्ग जंप में झंडे गाड़ने का मन रखते हो, लेकिन उनके परिवार को अब भी उनकी नौकरी को लेकर चिंता रहती है. उनके पिता पिंटू साव किराने की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं और खेती भी करते हैं, जबकि उनकी मां सुनीता देवी कभी-कभी गांव के पास ही मशरूम फ़ार्म में काम करती हैं.
प्रेम ने अपने परिजनों को लेकर कहा,"जब मैं इस बारे में सोचता हूं तो मुझे बुरा लगता है. मैं यहां ट्रेनिंग कर रहा हूं और एथलीट बनने की कोशिश कर रहा हूं, जबकि मेरी मां वहां काम कर रही हैं. लेकिन मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूँ और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहता हूं." पटियाला में, प्रेम अब एक-एक छलांग के साथ अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं, इस उम्मीद में कि यह उन्हें आगे चलकर किसी बड़े मंच तक ले जाएगा.
यह भी पढ़ें: प्यार में क्लीन बोल्ड हुआ सरदार, अर्शदीप-समरीन ने टैटू से किया रिलेशनशिप का ऐलान! आपने देखा?
यह भी पढ़ें: 8 क्रिकेटरों पर भारी पड़े शुभमन गिल, फिर एक नाम सुनते ही सहवाग के बेटे ने बदल दिया फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं