वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग से एक इंटरव्यू में उनके पसंदीदा क्रिकेटर को लेकर दिलचस्प सवाल पूछा गया. उन्हें दो खिलाड़ियों में से एक चुनने के लिए कहा गया. शुरुआत में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल का नाम सामने आया, जहां आर्यवीर ने गिल को चुना.
इसके बाद केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, महेंद्र सिंह धोनी, श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के मुकाबले भी आर्यवीर ने लगातार शुभमन गिल को ही अपनी पसंद बताया. यहां तक कि जब उनसे रोहित शर्मा और शुभमन गिल में से एक को चुनने के लिए कहा गया तो थोड़ी देर सोचने के बाद भी उन्होंने गिल का नाम लिया.
हालांकि, जैसे ही मुकाबला शुभमन गिल और विराट कोहली के बीच पहुंचा, आर्यवीर ने बिना समय लिए अपना फैसला बदल दिया. उन्होंने तुरंत विराट कोहली को चुना. जब उनसे विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया तो आर्यवीर ने बड़ा दिलचस्प जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'अगर मेरे पिता होते तो शायद सचिन तेंदुलकर को चुनते, लेकिन विराट कोहली मेरे दौर के खिलाड़ी हैं, इसलिए मैं उन्हें चुनूंगा.'
आर्यवीर ने यह भी कहा कि उनका सपना विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का है. उन्होंने बताया कि अगर भविष्य में उन्हें आईपीएल खेलने का मौका मिला तो वह कोहली के साथ एक ही टीम में खेलना चाहेंगे.
🔴Virendra Sehwag son pick Shubman Gill over Rohit Sharma in greatest cricket debate 🤯
— Sam (@cricsam02) September 6, 2026
- He pick Virat Kohli as Greatest Cricketer of all time 🐐 pic.twitter.com/cZZh4k2ay9
आर्यवीर ने 297 रन बनाकर बटोरी सुर्खियां
टीम इंडिया के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार इंडिया U19 टीम में चुना गया है. उन्हें सितंबर में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है. दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर ने हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेला, जहां उनके अटैकिंग खेल की तुलना उनके पिता से की गई. इससे पहले 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी के दौरान मेघालय के खिलाफ 297 रन बनाकर उन्होंने सुर्खियां बटोरी थीं.
वनडे टीम में विकेटकीपर अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं, जिन्होंने जुलाई में श्रीलंका के दौरे पर U19 टीम के लिए शानदार 87 रन बनाकर अपनी जगह बनाए रखी है। हालांकि, आर्यवीर और अन्वय दोनों में से किसी को भी दो मल्टी-डे मैचों की टीम में नहीं चुना गया है. ओपनर लक्ष्य रायचंदानी वनडे मैचों में भारत की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रीलंका दौरे पर भारत की कप्तानी करने वाले यशवर्धन चौहान उनके डिप्टी होंगे. हालांकि, मल्टी-डे मैचों के लिए दोनों खिलाड़ी अपनी भूमिकाएं बदल लेंगे.
भारत राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगा, जो 18, 21 और 23 सितंबर को होंगे. राजकोट 27-30 सितंबर तक पहले मल्टी-डे मैच की भी मेज़बानी करेगा, जबकि दूसरा मल्टी-डे मैच 5-8 अक्टूबर तक अहमदाबाद (बी ग्राउंड) में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें- भारत-अफगानिस्तान T20 में सिर्फ एक बार हुआ ये कारनामा, रिकॉर्ड आज भी भुवनेश्वर के नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं