गुरुवार को बीसीसीआई की अंडर-19 टीम का एलान होते ही, ये खबर मीडिया और सोसल मीडिया पर वायरल हो गई. इसकी सबसे बड़ी वजह रही पूर्व भारतीय कप्तान और टीम इंडिया के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ का नाम श्रीलंकाई दौरे की भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल होना. ये टीम श्रीलंका में 4 जुलाई से तीन वनडे मैच और दो मल्टी-डे मैच खेलेगी. इस टीम का कप्तान यशवर्धन सिंह चौहान और उपकप्तान लक्ष्य रायचंदानी को चुना गया है.
बहरहाल, बड़ी बात ये है कि द्रविड़-पुत्र ना तो पहले और ना ही अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जो जूनियर स्तर से लेकर टीम इंडिया के सीनियर स्तर पर नीली जर्सी पाने की रेस में होंगे. एक एक नजर ऐसे ही जांबाजों पर-
अन्वय द्रविड़- पिता की तरह विकेटकीपर बैटर
राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय यानी जूनियर द्रविड़ को रजत बघेल के साथ वन-डे टीम में विकेटकीपर के विकल्प के तौर पर शामिल किया गया है. वहीं टीम में मानव कृष्णा और आर्यन संदेश सकपाल को मल्टी-डे मैचों के लिए विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है.
17 साल के अन्वय ने पिछली वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक U-19 टीम की कप्तानी करते हुए उसे क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया था. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 मैचों में कुल 220 रन बनाए थे. उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 82 रन रहा. जूनियर द्रविड़ ने बेंगलुरु में हुई घरेलू ट्राई सीरीज के दौरान इंडिया अंडर-19- B टीम के में भी हिस्सा लिया. इस सीरीज में इंडिया-A और अफगानिस्तान U-19 टीमें भी शामिल थीं.
समित द्रविड़- ऑलराउंडर खिलाड़ी
राहुल द्रविड़ के बड़े बेटे समित द्रविड़ भी क्रिकेट को करियर बनाते नजर आ चुके हैं. 20 साल के समित द्रविड़ दांये हाथ के बैटर और मीडियम पेसर गेंदबाज के तौर पर कर्नाटक अंडर-19 और टीम इंडिया अंडर-19 के लिए अपना रोल अदा कर चुके हैं. समित ने 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया था. 2023-24 कूच बिहार ट्रॉफ़ी में समित ने एक दोहरा शतक समेत 362 रन बनाए थे. मैसूर वारियर्स ने महाराजा टी-20 लीग में उन्हें 50 हज़ार रुपये में खरीदा था. क्रिकेट सर्किट में कहा जाता है कि वो वीरेन्द्र सहवाग का स्टाइल और अपने पिता राहुल द्रविड़ का तेवर रखते रहे. समित घुटने की इंजरी से दो साल पहले जूझते हुए नज़र आए थे.
अर्जुन तेंदुलकर- लेफ़्ट आर्म पेसर
मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के 26 साल के बेटे अर्जुन तेंदुलकर गोवा रणजी टीम और IPL लखनऊ की टीम के लिए कई बार अच्छी गेंदबाज़ी करते और कई बार एक्स्ट्रा खिलाड़ी के तौर पर नज़र आये हैं. उनपर हमेशा से अभिषेक बच्चन और अमिताभ बच्चन की तरह सचिन की छवि का साया जरूर रहता है. लेकिन अर्जुन तेंदुलकर एक मेहनती गेंदबाज की तरह पेश आते हैं.
2022 में अर्जुन तेंदुलकर ने राजस्थान के ख़िलाफ़ 32 रन देकर 7 विकेट हासिल किये थे और सुर्ख़ियां भी बटोरी थी. अर्जुन आमतौर पर 135+ किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से गेंद फेंकने की काबिलियत रखते हैं. अर्जुन के नाम 24 फ़र्स्ट क्लास मैचों में 52 विकेट हैं.
आर्यवीर सहवाग – दांये हाथ के ओपनिंग बैटर
विरेन्द्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग अपने पिता की तरह ही तेज़ रफ़्तार से रन बटोरते नज़र आते हैं. आर्यवीर 2 साल पहले तब सुर्ख़ियों में आ गए जब उन्होंने कूच बिहार ट्रॉफ़ी में 309 गेंदों पर दिल्ली अंडर-19 के लिए मेघालय के ख़िलाफ़ 297 रन बना डाले. इस पारी में उन्होंने 51 चौके और 3 छक्के जड़े थे. उन्होंने अपने वीनू मांकड़ के अंडर-19 डेब्यु मैच में 49 रनों की पारी खेली थी.
Virender Sehwag's son, Aaryavir, smashed an unbeaten 200 off 229 balls in the Cooch Behar Trophy, including 34 fours and 2 sixes.
— Vipin Tiwari (@Vipintiwari952) November 21, 2024
(Vid9/2) pic.twitter.com/NxwEpaFK6a
अनाया बांगड़- बांये हाथ की बैटर, स्पिनर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की 23 साल की बेटी अनाया बांगड़, पहले आर्यन बांगड़ के तौर पर जानी जाती थीं. उन्होंने अपना सेक्स चेंज करवाने के बाद भी क्रिकेट का शौक नहीं छोड़ा है. वो जूनियर क्रिकेटर के तौर पर टैलेंटेड मानी जाती थीं. फ़िलहाल बीसीसीआई के पास ट्रांस-क्रिकेटर के लिए कोई पॉलिसी नहीं बताई जाती.
इनके अलावा हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या परिवार के बच्चे भी क्रिकेट में रूचि लेते बताये जाते हैं. लेकिन इनका सफ़र अभी लंबा होने वाला है.
यह भी पढ़ें- नौ चौके, 200.00 का स्ट्राइक रेट, वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान के खिलाफ बल्ले से मचाई धूम, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं