विज्ञापन

पाकिस्तान का कोच बनने को तैयार है यह दिग्गज, करियर में झटके 2256 विकेट, लेकिन इस बात से लगता है डर

जिस तरह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीच दौरे पर सरफराज अहमद की छुट्टी की है, उसके बाद से ही बोर्ड को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.

पाकिस्तान का कोच बनने को तैयार है यह दिग्गज, करियर में झटके 2256 विकेट, लेकिन इस बात से लगता है डर
मुश्ताक अहमद ने पाकिस्तान का कोच बनने पर अपनी बात कही है

अपने करियर के दौरान बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर नचाने वाले पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज मुश्ताक अहमद अपने देश की नेशनल टीम का कोच बनने के लिए तैयार हैं. लेकिन एक डर की वजह से वह इससे दूर भी रहना चाहते हैं. मुश्ताक अहमद फिलहाल बांग्लादेश टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच है. पाकिस्तान को 1992 का वर्ल्ड कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले मुश्ताक ने अपने करियर के दौरान कुल 2256 शिकार किए हैं. मुश्ताक ने टेस्ट में 185, वनडे में 161, फर्स्ट क्लास में 1407, लिस्ट ए में 461 और टी20 में 42 विकेट शामिल हैं.  

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड फिलहाल अपने देश के पूर्व खिलाड़ियों के निशाने पर हैं. बोर्ड ने बीच इंग्लैंड दौरे से सात खिलाड़ियों को वापस बुला दिया. साथ ही हेड कोच सरफराज अहमद और उनके असिस्टेंट उमर गुल को भी हटा दिया. उनकी जगह पाकिस्तान के व्हाइट-बॉल कोच माइक हेसन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज एशले नोफके ने आखिरी टेस्ट के लिए जिम्मेदारी संभाली. इस फैसले से काफी हलचल मची, क्योंकि आखिरी टेस्ट मैच अभी बाकी है. पीसीबी ने इस खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के तौर पर पांच ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया, जो कभी टेस्ट नहीं खेले हैं.

जब मुश्ताक अहमद से बीबीसी स्टम्पड पॉडकास्ट पर पूछा गया कि क्या वह पाकिस्तान को कोचिंग देने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने कहा,""बेशक, मैं अपने देश के लिए ऐसा करना पसंद करूंगा. खासकर इस समय. जाहिर है, मुझे बस एक चीज चाहिए. कभी-कभी अपने ही देश के लिए काम करने में डर लगता है जब लोग आपकी इज्जत नहीं करते और कुछ भावुक फैसलों की वजह से आपको निकाल देते हैं... जब आप ऐसी चीजें देखते हैं, जैसे दौरे के बीच में ही लोगों को निकाल दिया जाता है, तो आपको चिंता और डर होता है."

इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद जिन खिलाड़ियों की छुट्टी हुई उसमें मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, आमिर जमाल और मोहम्मद ओवैस जाफर शामिल हैं. उनकी जगह पर सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल के साथ-साथ अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, सईद बेग, मोहम्मद इमरान और रजाउल्लाह को टीम में बुलाया गया.

मुश्ताक ने आगे कहा,"मुझे लगता है कि अगर इन चीजों को ठीक कर लिया जाए, तो कोचिंग कर रहे हर पाकिस्तानी क्रिकेटर को - सिर्फ मुझे ही नहीं - देश की सेवा करना अच्छा लगेगा. मेरे लिए यह चुनौती लेने और खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ स्तर पर लाने का सबसे अच्छा समय है. मैं उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए आत्मविश्वास से भरना चाहता हूं और एक ऐसी टीम बनाना चाहता हूं जो असल में विरोधी टीमों को चुनौती दे सके."

पाकिस्तान की टीम इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में वे पहले ही दो मैच हार चुके हैं और अब सिर्फ एक टेस्ट बचा है. उन्होंने हेडिंग्ले में पहला टेस्ट एक पारी और 103 रनों से और लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट 194 रनों से गंवा दिया था.

मुश्ताक ने इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के उस फैसले पर बात की जिसमें टूर के बीच में ही सात खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को हटा दिया गया. मुश्ताक ने कहा, "टूर के बीच में ही सात खिलाड़ियों और मैनेजमेंट को बदलना, मुझे नहीं लगता कि यह सही है." उन्होंने आगे कहा कि वह इस बात का जवाब जानना चाहते हैं कि पाकिस्तान बोर्ड ने ये कड़े फैसले क्यों लिए.

मुश्ताक ने कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. जाहिर है, एक पूर्व क्रिकेटर और एक पाकिस्तानी होने के नाते मुझे दुख हुआ है. ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए. सरफराज और उमर गुल बहुत अनुभवी क्रिकेटर हैं. उन्होंने देश के लिए बहुत अच्छा काम किया है. सरफ़राज़ कप्तान भी रह चुके हैं. अगर आप उन्हें हटाना चाहते हैं, तो जाहिर है कि टूर के बाद ही हटाना चाहिए." उन्होंने कहा,"यह शांत रहने का समय है, जल्दबाजी में फैसले न लें."

यह भी पढ़ें: खिताब तो जीत लिया, अब रिकॉर्ड की बारी, नीरज को टक्कर देने वाले रुमेश थरंगा ने बताया अगला टारगेट

यह भी पढ़ें: 'प्रिंस' का पंजाबी पंच! 21 गेंदों में 190.48 की स्ट्राइक रेट से उड़ाया लुधियाना का होश, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Pakistan, Pakistan Cricket Board
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com