
MS Dhoni vs Virat Kohli Record Comparison in IPL: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जब चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगी तो टीम की नजरें, यहां जीत के 17 साल के इंतजार को खत्म करने टिकी होंगी. बेंगलुरु ने चेपॉक में सुपरकिंग्स को सिर्फ एक बार हराया है और वह भी 2008 में टूर्नामेंट के पहले सत्र में. बेंगलुरु की मौजूदा टीम में सिर्फ स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ही उस मैच का हिस्सा थे और अब वह दूसरी बार सुपरकिंग्स के किले को भेदना चाहेंगे. हालांकि बेंगलुरु की राह आसान नहीं होगी. हमेशा की तरह चेन्नई की टीम स्पिनरों की मददगार पिच पर अपने घरेलू मैचों में विरोधी टीमों को कड़ी टक्कर देने को तैयार होगी. वहीं इस मुकाबले में फैंस की नजरें चेन्नई के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर टिकी होंगी.
बेंगलुरु के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन
एमएस धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं जबकि विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. बात अगर रिकॉर्ड की करें तो महेंद्र सिंह धोनी ने बेंगलुरु के खिलाफ 33 मैचों में 142 की स्ट्राइक रेट से 864 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्द्धशतक आए हैं. महेंद्र सिंह धोनी बेंगलुरु के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
आईपीएल में बेंगलुरु के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज | |||
खिलाड़ी | पारी | रन | 50/100 |
महेंद्र सिंह धोनी | 33 | 864 | 4/0 |
डेविड वॉर्नर | 23 | 862 | 9/1 |
रोहित शर्मा | 32 | 831 | 7/0 |
अजिंक्य रहाणे | 24 | 801 | 5/1 |
अंबाती रायडू | 25 | 728 | 3/0 |
इसके अलावा धोनी ने आईपीएल में बेंगलुरु के खिलाफ 47 छक्के लगाए हैं और अगर वह तीन छक्के और लगा लेते हैं तो लीग में एक विरोधी टीम के खिलाफ 50 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. बता दें, आईपीएल में किसी विरोधी टीम के खिलाफ सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल हैं. क्रिस गेल ने पंजाब के खिलाफ 16 पारियों में 797 रन बनाए हैं और 61 छक्के लगाए हैं. इसके अलावा गेल ने कोलकाता के खिलाफ 19 पारियों में 700 रन बनाए हैं और 49 छक्के लगाए हैं.
चेन्नई के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन
विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने लीग में 8063 रन बनाए हैं. वहीं कोहली चेन्नई के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 32 पारियों में 126 की स्ट्राइक रेट से 1053 रन बनाए हैं. कोहली अगर चार रन और बना लेते हैं तो चेन्नई के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज | |||
खिलाड़ी | पारी | रन | 50/100 |
शिखर धवन | 29 | 1057 | 8/1 |
विराट कोहली | 32 | 1053 | 9/0 |
रोहित शर्मा | 35 | 896 | 7/1 |
दिनेश कार्तिक | 31 | 727 | 2/0 |
डेविड वॉर्नर | 21 | 696 | 9/0 |
वहीं आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली पांचवें और छठे स्थान पर हैं. कोहली ने दिल्ली के खिलाफ 28 मैचों में 1057 रन बनाए हैं. लीग में किसी टीम के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने 26 पारियों में पंजाब किंग्स के खिलाफ 1134 रन बनाए हैं. जबकि वॉर्नर ने कोलकाता के खिलाफ 28 पारियों में 1093 रन बनाए हैं. वहीं रोहित इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं और उन्होंने कोलकाता के खिलाफ 34 पारियों में 1070 रन बनाए हैं.
महेंद्र सिंह धोनी बनाम विराट कोहली
अगर विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के टी20 रिकॉर्ड की बात करें तो धोनी ने 392 मैचों की 343 पारियों में 7432 रन बनाए हैं. जबकि कोहली ने 400 मैचों की 383 पारियों में 12945 रन बनाए हैं. धोनी का सर्वोच्च स्कोर 84 का है, जबकि कोहली का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 122 का है. धोनी का औसत 38.11 का है जबकि कोहली का औसत 41.62 का है. धोनी 148 मौकों पर नाबाद लौटे हैं, जबकि कोहली 72 मौकों पर नाबाद लौटे हैं. कोहली ने 9 शतक लगाए हैं और धोनी का यह कॉलम खाली है. जबकि धोनी ने 28 अर्द्धशतक लगाए हैं, जबकि कोहली ने 98 अर्द्धशतक लगाए हैं. धोनी के बल्ले से 338 चौके आए हैं और कोहली के बल्ले से 419 चौके आए हैं.
यह भी पढ़ें: Virat Kohli: विराट कोहली CSK के खिलाफ मैच में बनाएंगे महारिकॉर्ड, बस इतने रन बनाते ही रच देंगे इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं