MS Dhoni Retirement: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मालकिन रुपा गुरुनाथ बताती हैं कि शनिवार को तीन दिनों पहले एमएस धोनी CSK के CEO काशी विश्वनाथ और वो खुद वीडियो कॉल पर बात कर रही थीं. बातचीत के दौरान काशी विश्वनाथ टीम में रिटेन किये गये खिलाड़ियों और टीम से रीलीज किये गए खिलाड़ियों की लिस्ट पढ़ रहे थे. ऐसे वक्त में धोनी ने हमेशा की तरह अपने ही स्टाइल से धमाका कर दिया और फिर चेन्नई टीम को वो फैसला लेना पड़ा जो शायद उनके लिए अबतक का सबसे मुश्किल फैसला हो.
धोनी ने कैसे किया धमाका
धोनी ने अपने करियर में रिटायरमेंट की बात हमेशा ही बड़े ही धीमे से की, लेकिन धमाका हर बार बड़ा होता गया. रुपा गुरुनाथ बताती हैं कि धोनी के ये कहते ही कि वो अगला सीजन नहीं खेलने का इरादा रखते हैं. इंटरनेट शट डाउन हो गया. वो कहती हैं कि उन्होंने वापस धोनी को कॉल किया और कहा,'देखिए इंटरनेट भी आपकी बात को हैंडल नहीं कर पा रहा है कि आप अगला सीजन नहीं खेलेंगे.'
From the heart of Mrs. Rupa Gurunath - Owner, Chennai Super Kings Read More : https://t.co/AFjZ5yiuN4 https://t.co/Dncjo7kGDa
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
रुपा गुरुनाथ कहती हैं, 'बीस सालों से एमएस धोनी और चेन्नई एक साथ रहे, जीत में भी और हार में भी. हम दोनों ने एक- दूसरे से काफी कुछ सीखा. कुछ महीने पहले जब मैं उनसे मिली तो उन्होंने कहा कि वो आश्वस्त नहीं हैं कि वो अगला सीजन खेल पाएंगे. शनिवार को जब हम फोन पर बात कर रहे थे और काशी टीम से रिलीज की बात कर रहे थे तो धोनी ने कहा कि शायद आपको मेरा नाम भी रिलीज कर देना चाहिए.'
रुपा गुरुनाथ अपने फ़ैन्स से मुख़ातिब कहती हैं, 'जब मैं 2008 को याद करती हूं, नीलामी के समय, मेरे पिता एक बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट थे कि जब वो इस टीम को खरीदना चाहते थे, तो एमएस धोनी ही इसके कप्तान होंगे. यह एक बड़ा फैसला था और हमारे द्वारा लिए गए सबसे बेहतरीन फैसलों में से एक था. 'पिछले 20 सालों से चेन्नई सुपर किंग्स और एमएस धोनी ने साथ-साथ, कंधे से कंधा मिलाकर, उतार-चढ़ाव और बीच की हर चीज में एक साथ सफर किया है. हमने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है. 'जब मैं कुछ महीने पहले उनसे मिली थी, तो उन्होंने मुझे बताया था कि वो निश्चित नहीं हैं कि आगामी सीजन में खेल पाएंगे या नहीं.'
रुपा गुरुनाथ आगे कहती हैं, 'लेकिन इसे छोड़ दें तो, यह मेरे लिए बहुत कठिन दिन था. यह एक बहुत कठिन पल है. मुझे नहीं लगता कि आप कभी भी ऐसी किसी चीज के लिए तैयार हो सकते हैं. 'एमएस धोनी ऐसे व्यक्ति हैं जो अगर टीम को अपना 200% नहीं दे सकते, तो नहीं खेलेंगे. वो टीम के लिए बाधा नहीं बनना चाहेंगे. वो सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहेंगे, और जब वो ऐसा नहीं कर पाते, तो वो हट जाते हैं.
'मुझे नहीं लगता कि हम में से कोई भी कभी इस पल के लिए तैयार हो सकता है. यह मेरे लिए मिली-जुली भावनाओं का दिन है. मैं विश्वास नहीं कर पा रही हूँ कि मैं उन्हें खेलते हुए नहीं देखूंगी. मैं विश्वास नहीं कर पा रही हूँ कि हम उन्हें मैदान पर पीली जर्सी में खेलते हुए नहीं देखेंगे. 'मैं विश्वास नहीं कर पा रही हूं कि वो बिजली जैसी तेज स्टंपिंग, वो हेलिकॉप्टर शॉट्स, वो शांत तरीका जिससे वो सिर्फ एक उंगली इधर घुमाते, फील्ड को फिर से सेट करते, और अगली ही पल कैच हो जाता. पूरे खेल की दिशा ही बदल जाती.'
'यह सोचना कि हम वो फिर नहीं देख पाएंगे, मेरे लिए देखना बहुत कठिन है. लेकिन फिर भी, अब एक नया दौर है. हम अब एमएस धोनी का अपने टीम मेंटर के रूप में स्वागत करते हैं. "हमारी एक बहुत युवा टीम है जो बदलाव के दौर से गुजर रही है. उन्हें उनसे मैदान पर और मैदान के बाहर बहुत कुछ सीखना है. मुझे पता है कि मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है. हम बहुत भाग्यशाली हैं कि कोई ऐसा व्यक्ति हमारे साथ चल रहा है और हमारे सफर के अगले हिस्से में हमारे साथ बना हुआ है. 'एमएस पहले दिन से हमारे साथ हैं और हमेशा एक सुपर किंग रहेंगे। मैं उन्हें अपने सम्मानित मेंटर के रूप में उनके नए अवतार में स्वागत करने के लिए उत्सुक हूँ.'
यह भी पढ़ें- MS Dhoni Retires: महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास, अब CSK के मेंटर होंगे 'थाला'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं