- राहुल गांधी ने सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर अपने माता-पिता के प्रेम और पारिवारिक जीवन का जिक्र किया
- राहुल ने बताया कि राजीव गांधी की गोद में सोनिया गांधी बैठती थीं और यह उनके लिए एक सामान्य बात थी
- राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई लड़ी, लेकिन कभी कमजोरी नहीं दिखाई
राहुल गांधी ने बुक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्च पर उस पल को याद किया जब उन्होंने अपनी मां, सोनिया गांधी को अपने पिता राजीव गांधी की गोद में देखा था, और उस एक मौके का भी जिक्र किया जब उनके बीच झगड़ा हुआ था. राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी नेता ने उन पर हमला बोल दिया है. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने तंज कसते हुए सोनिया गांधी को लिखा कि मैडम अब आपको भी समझ में आ गया होगा कि ये प्रोडक्ट रीलॉन्च करने लायक नहीं है.
जब राहुल गांधी ने मम्मी-पापा को झगड़ते देखा
राहुल गांधी ने स्पीच में माता-पिता के प्रेम, उनके पारिवारिक जीवन और पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया. उन्होंने कहा, "मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं बता नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता होगा." राहुल गांधी ने बताया कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच बहुत प्यार था और बचपन में उन्होंने अपने मम्मी-पापा को सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे. उन्होंने बताया कि उनके पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे और उसी दौरान उनकी मां कुछ कहना चाह रही थीं. बार-बार अपनी बात दोहराने के बावजूद जब मम्मी को जवाब नहीं मिला, तो दोनों के बीच बहस हुई. राहुल ने कहा कि संयोग से यही एकमात्र मौका था, जब उन्होंने अपने मम्मी-पापा को झगड़ते देखा.
ये भी पढ़ें:- राहुल गांधी ने बताया- गर्लफ्रेंड के साथ अब क्या है 'रिलेशनशिप स्टेटस'
पापा की गोद में मम्मी होती थीं
अपने माता-पिता के बीच के गहरे रिश्ते के बारे में बात करते हुए, राहुल गांधी ने बताया, "हर बार खाना खाते समय, पापा होते थे, और पापा की गोद में मम्मी होती थीं. मुझे लगता था कि यह एक सामान्य बात है. इसलिए जब मैं अपने दोस्तों के घर जाता था, तो उनके मम्मी-पापा एक-दूसरे की गोद में नहीं बैठे होते थे. तब मैं अपने दोस्त से पूछता था, 'यह क्या हो रहा है? तुम्हारी मम्मी तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं?" राहुल गांधी ने आगे कहा, "हम इसी माहौल में पले-बढ़े हैं."
कैंसर की जंग जीती
राहुल ने अपनी मां की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की. उन्होंने कहा कि उनकी मां अपनी उपलब्धियों और संघर्षों को हमेशा कम करके बताती हैं. राहुल ने कहा कि इस किताब में उनकी मां के उस व्यक्तित्व की झलक मिलती है, जो राजीव गांधी के निधन से पहले था. उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और उनकी मां के जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है.
ये भी पढ़ें:- राहुल गांधी के नामकरण पर इंदिरा ने क्यों बहू सोनिया से बोला था सॉरी, पूरा वाकया बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं