- उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा समेत कई राज्यों में जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो चुकी है
- स्वगणना फॉर्म में परिवार के मुखिया और सदस्यों की जानकारी भरते समय जाति दर्ज करनी होती है
- अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए फॉर्म में विशेष विकल्प उपलब्ध हैं, अन्य जातियों के लिए स्वतः भरने का विकल्प है
उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा समेत देश के कई राज्यों में स्वगणना शुरू हो चुकी है. जनगणना से जुड़ी जानकारी यदि आप ऑनलाइन मुहैया करा रहे हैं तो उसे स्वगणना यानी सेल्फ एन्युमरेशन का नाम दिया गया है. इसे आप घर बैठे आसानी से भर सकते हैं और अपनी एवं परिवार की पूरी जानकारी देनी होगी. इसके तहत आपको परिवार के किसी सदस्य को मुखिया के रूप में चुनना होगा. पहले मुखिया के बारे में जानकारी देनी होगी और फिर अन्य सदस्यों को जोड़ते जाएंगे और उनकी जानकारी भर सकेंगे. इस प्रक्रिया में जब आप मुखिया की जानकारी भरेंगे, तभी आपकी जाति पूछी जाएगी. इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी भरने के दौरान भी यह विकल्प मिलेगा.
बीते कुछ समय से एक तबका इस बात को लेकर विरोध जताया जा रहा है कि आखिर जनगणना में जाति चुनने के लिए ड्रॉपडाउन मेन्यू उपलब्ध क्यों नहीं कराया जा रहा. इसकी बजाय खुद से जाति भरने का विकल्प क्यों दिया गया है. इस संबंध में जब हमने स्वगणना पोर्टल पर जाकर एक फॉर्म भरकर प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया तो पता चला कि पोर्टल पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की कैटिगरी का विकल्प दिया गया है. आप दोनों से किसी एक से हैं तो सामने दिए बटन को क्लिक कर चुन सकेंगे. इसके अतिरिक्त अन्य वर्गों के बारे में ऐसा विकल्प नहीं है.
आपके पास अपनी जाति भरने का विकल्प है. जैसे- सुनार, कुम्हार, ब्राह्मण, राजपूत आदि. इसी को लेकर कुछ लोगों का विरोध रहा है कि कई लोगों को जानकारी कम है और वे सरनेम ही भर देंगे. कई बार सरनेम जाति को सही से इंगित नहीं करता. इसके अलावा एक ही जाति में सैकड़ों सरनेम हैं. ऐसी स्थिति में जाति जनगणना का उद्देश्य सफल नहीं हो सकेगा. इसके अलावा ओबीसी वर्ग में कौन-कौन हैं और कितनी उनकी संख्या है, इसका भी सटीक अनुमान नहीं लग सकेगा. ऐसे में देखना होगा कि जनगणना में जाति भरने का यह विकल्प भविष्य में आंकड़े जुटाने में किस तरह से कारगर हो सकेगा.

आप जब https://se.census.gov.in/ लिंक पर जाकर स्वगणना का फॉर्म भरेंगे तो नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य चीजों समेत कई जानकारियां मांगी जाएंगी. इसी क्रम में 10वें कॉलम में पूछा जाएगा कि क्या आप अनुसूचित जाति या जनजाति से हैं. यदि हैं तो हां पर क्लिक करें. यदि नहीं हैं तो फिर नीचे जाति भरने का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा लोगों को 'कोई जाति नहीं है' चुनने का भी विकल्प मिलेगा. जाति बताना नहीं चाहते वाला विकल्प भी इस फॉर्म में उपलब्ध कराया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं