दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने गेबेरहा में चल रहे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. जब दक्षिण अफ्रीका की टीम 110/6 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी, तब 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जानसेन ने कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ 132 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी करके दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभाला. उन्होंने 100 गेंदों पर 85 रन बनाए, जिसके बाद स्कॉट बोलैंड की गेंद पर ट्रैविस हेड ने उन्हें कैच कर लिया. भले ही वह अपना शतक पूरा करने से थोड़ा चूक गए, लेकिन फिर भी जानसेन ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया.
अपनी 100 गेंदों की पारी में, जानसेन ने 85 रन बनाए. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के नंबर 8 बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पीटर वैन डेर मर्व के नाम था, जिन्होंने 1966 में जोहान्सबर्ग में 76 रन बनाए थे.
मार्को जानसेन इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट पारी में नंबर-8 पर आकर दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 3 रन से चूक गए. यह रिकॉर्ड ब्रायन मैकमिलन के नाम है, जिन्होंने 1998 में एडिलेड ओवल में नाबाद 87 रन बनाए थे. अब 85 रनों की अपनी इस पारी के साथ जानसेन इस सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं.
इस बीच, बावुमा ने भी एक रिकॉर्ड तोड़ा. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मैच में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं. मैच की शुरुआत के समय उनकी उम्र 36 साल 154 दिन थी. उन्होंने रोहित शर्मा के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो 2023 में नागपुर टेस्ट के दौरान 35 साल 285 दिन की उम्र में बना था.
मैच की बात करें तो, मंगलवार को दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन की सुबह बावुमा और जानसेन के बीच हुई नाबाद शतकीय साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की वापसी में नई जान फूंक दी. दक्षिण अफ्रीका की स्थिति काफी नाजुक थी - कल रात का स्कोर 5 विकेट पर 97 रन था, जो बाद में 6 विकेट पर 110 रन हो गया. लंच के समय टीम का स्कोर 6 विकेट पर 216 रन था, जिसमें कप्तान बावुमा 76 और जानसेन 72 रन पर खेल रहे थे. उन्होंने 22 ओवरों में 106 रन जोड़े और सेंट जॉर्ज पार्क में सातवें विकेट के लिए बनी पुरानी साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 1896 से कायम था.
तीसरे दिन स्टंप्स के ऐलान पर ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवा दिया था और उसने तीन रन बनाए थे. इससे पहले कप्तान बावुमा की 179 रनों की पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 9 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाकर पारी घोषित की. अफ्रीकी टीम के लिए साइमन हारमर ने 82 रनों की पारी खेली. जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए स्कॉट बॉलैंड ने 5 विकेट चटकाए. ऑस्ट्रेलिया अभी भी दक्षिण अफ्रीका से 422 रन पीछे है.
यह भी पढ़ें: 'किसी को नहीं पता कब बुलावा आ जाए' कमबैक की मांगों के बीच मोहम्मद शमी ने दिया बड़ा बयान
यह भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स दूसरा दिन: आज भारत ने कितने पदक जीते, किस इवेंट में कैसा रहा प्रदर्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं