- सपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है
- बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक प्रति माह 5 हजार रुपये भत्ता देने की योजना का प्रस्ताव है
- किसानों को सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली और 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने का वादा किया गया है
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी कर भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई का एजेंडा सामने रखा. उन्होंने महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये देने की घोषणा की. उन्होंने 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरी देने का भी वादा किया. समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र के 10 बड़े वादे यहां देखिए.
1. 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरी
समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में 5 सालों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार देने का ऐलान किया है.
2. बेरोजगार युवाओं को 5 हजार रुपये महीना
अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक प्रदेश के ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, उन्हें प्रति माह ₹5,000 का पोषण भत्ता मिलेगा.
3. किसानों की कर्ज माफी और MSP की गारंटी
किसानों की तत्काल लोन माफी की जाएगी और सभी 23 फसलों और दूध के लिए MSP की कानूनी गारंटी दी जाएगी. साथ ही 15 हजार करोड़ के कॉर्पस फंड के जरिए गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित किया जाएगा.
4. मुफ्त बिजली
किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी.
5. जातिगत जनगणना और आरक्षण
सपा के घोषणा पत्र में वादा किया कि प्रदेश में जातिगत जनगणना शुरू की जाएगी. इसके अलावा, 50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित एवं पीडीए (PDA) के लिए 50% आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा.
6. 12वीं पास छात्रों को मिलेगा लैपटॉप
12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से लागू की जाएगी.
7. बंद किए गए प्राइमरी स्कूलों को खोला जाएगा, शिक्षामित्रों का वेतन बढ़ेगा
बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर खोला जाएगा और शिक्षामित्रों के नियमित होने तक उनके मानदेय में ₹5,000 प्रति माह की वृद्धि की जाएगी.
8. स्वास्थ्य और ₹10 लाख का बीमा
गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नागरिकों को ₹10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस दिया जाएगा. सरकारी अस्पतालों में पीडीए और गरीबों का मुफ्त इलाज होगा तथा सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोले जाएंगे.
9. पुरानी पेंशन की बहाली
2005 से पूर्व की पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू किया जाएगा और सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग की व्यवस्था समाप्त की जाएगी.
10. महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन
बुजुर्ग महिला कारीगरों और निर्माण श्रमिकों को ₹40,000 सालाना पेंशन दी जाएगी. साथ ही, गरीबों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए पूरे प्रदेश में 'समाजवादी कैंटीन' खोली जाएगी, जहां ₹5 में थाली उपलब्ध होगी.
यह भी पढ़ें | महिलाओं को 40000 सालाना, बेरोजगारों को 5000 महीना ... सपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए बोले अखिलेश यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं